“कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर प्रेरक आयोजन, बालिका सशक्तिकरण का सशक्त संदेश”
सारंगढ़–बिलाईगढ़।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के कुशल मार्गदर्शन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छिंद (सारंगढ़) में राष्ट्रीय बालिका दिवस (24 जनवरी) के अवसर पर एक संक्षिप्त, सारगर्भित एवं अत्यंत प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को PCPNDT एक्ट 1994 (गर्भधारण एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम) की जानकारी वीडियो के माध्यम से सरल भाषा में दी गई। बताया गया कि इस अधिनियम के अंतर्गत किसी भी महिला को गर्भस्थ शिशु के लिंग परीक्षण के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। सोनोग्राफी का उद्देश्य केवल गर्भ में पल रहे शिशु के स्वास्थ्य, विकास या किसी संभावित विकलांगता की पहचान करना होता है, जिसे केवल पंजीकृत सोनोग्राफी केंद्रों में अधिकृत चिकित्सक ही कर सकते हैं। नियमों के उल्लंघन पर कठोर दंड का प्रावधान भी इस अधिनियम में निहित है। लिंगानुपात में गिरावट के कारण यह कानून लागू किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम अब देखने को मिल रहे हैं।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ बालिका ही सशक्त बालिका बन सकती है। इसके लिए पोषणयुक्त आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और हीमोग्लोबिन की जांच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने एनीमिया (रक्त अल्पता) पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हीमोग्लोबिन की कमी से बच्चों की शारीरिक व मानसिक क्षमता प्रभावित होती है, जिससे उनकी पढ़ाई और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में प्रदर्शन कमजोर हो सकता है। उन्होंने एनीमिया मुक्त भारत अभियान और WIFS योजना के अंतर्गत प्रत्येक मंगलवार आयरन-फोलिक एसिड की गोली नियमित रूप से लेने की अपील की।
कार्यक्रम में जिलेभर की मेधावी बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के हाथों ₹5000-₹5000 के प्रोत्साहन चेक प्रदान किए गए।
कक्षा 10वीं में— मनीषा साहू (HSS हिर्री), चंद्रप्रभा आदित्य (कन्या HSS भटगांव), भूमिका प्रधान (सरिया)
कक्षा 12वीं में— श्रुति बारिक (कन्या HSS सरिया), ममता सोनवानी (खुरसुला), प्रीति टंडन (कन्या HSS सरसीवां) को सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त HSS छिंद की मेधावी बालिकाओं—इंदु निषाद, सृष्टि कौशले, बिंदिया अजय, शीतल निषाद, रवीना जाटवर, सानिया रात्रें, राजेश्वरी पटेल, तुलेश्वरी नवरंग, सरोज कुर्रे, रेणु कोसले, भूमिका साहू, पुष्पा साहू—को स्वास्थ्य विभाग द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
केवल पुत्रियों वाले दंपत्तियों एवं ऐसी बालिकाओं जिनके भाई नहीं हैं—इंदु निषाद, रखी जांगड़े, जिज्ञासा पटेल, आंशिक मिंज, चंद्रप्रभा आदित्य, अंशिका साहू—को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में मुस्कान जांगड़े ने प्रथम, पूर्णिमा व आकांक्षा ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा सीमा, दिशा व हेमकुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस सफल आयोजन में कंचनलता आदित्य (लेखापाल), मनोज साहू (DAM), ममता जोलहे (DTC), दुष्यंत पटेल (स्थापना लिपिक), गीता पर्यवेक्षक सहित स्वास्थ्य विभाग व शिक्षा विभाग के अधिकारियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में PCPNDT एक्ट के नोडल डॉ. सुरेश खूंटे, BMO सारंगढ़ डॉ. आर.एल. सिदार, DPM नंदलाल इजारदार, DPO प्रसाद साहब, विद्यालय प्राचार्य, शिक्षकगण एवं मंच संचालन रामकुमार मैत्री द्वारा किया गया।
कुल मिलाकर, कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम बालिका सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और शिक्षा प्रोत्साहन का एक सशक्त उदाहरण बनकर उभरा, जिसने समाज को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का मजबूत संदेश दिया।
- IIM रायपुर में सारंगढ़ के जनप्रतिनिधियों ने सीखे सुशासन के गुर..नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कौशल का हुआ विकास..5 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण संपन्न: जिला पंचायत सदस्य शिवकुमारी साहू समेत अन्य सदस्यों ने प्राप्त किया विशेष मार्गदर्शन… - January 28, 2026
- गणतंत्र दिवस परेड में ‘धरती आबा’ झांकी ने जीता दिल..आदिवासी विकास विभाग को मिला प्रथम पुरस्कार..सांसद और विधायक के हाथों सम्मानित हुए अधिकारी; 25 जनकल्याणकारी योजनाओं की थीम पर आधारित थी भव्य झांकी.. - January 28, 2026
- “वोट की ताकत ही लोकतंत्र की असली शक्ति”: जिपं सभापति वैजयंती लहरे..राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सभापति ने याद दिलाया संवैधानिक अधिकार.. - January 28, 2026
