छत्तीसगढ़:नकली सोना देकर 10 लाख रुपये की ठगी: खुदाई में गोल्ड मिलने का झांसा देकर रची थी साजिश, दो गिरफ्तार…
नकली सोना देकर 10 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में गौरेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस मामले के दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं.
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. यह मामला मुंगेली जिले के ग्राम तिलकपुर का है.
सोना मिलने का झांसा देकर जाल में फंसाया
जानकारी के अनुसार, तिलकपुर निवासी उमेद साहू को उसके परिचितों ने खुदाई के दौरान सोना मिलने का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया. आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से पीड़ित को गौरेला थाना क्षेत्र के कारीआम गांव के पास ले जाकर उसे सोने का एक सैंपल दिया. पीड़ित उमेद साहू उस सैंपल को लेकर अपने गांव मुंगेली जिले में जांच कराने पहुंचा, जहां जांच में वह सोना असली निकला. इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित का भरोसा जीतते हुए उसे झांसे में लिया और बताया कि उनके पास करीब एक किलो सोना है जिसकी कीमत 15 लाख रुपये है.
ऐसे ठगी को दिया अंजाम
आरोपियों ने कहा कि उसमें से 10 लाख रुपये पीड़ित देगा और 5 लाख रुपये वो स्वयं मिलाएंगे, इस तरह 15 लाख रुपये में पूरा सोना खरीद लिया जाएगा. आरोपियों की बातों में आकर पीड़ित ने 10 लाख रुपये की व्यवस्था कर ली और दोबारा उनके साथ कारीआम गांव पहुंचा. वहां आरोपियों ने उसे एक किलो सोना बताकर धातु का टुकड़ा दे दिया और बदले में उससे 10 लाख रुपये ले लिए. कुछ समय बाद जब पीड़ित ने उस सोने की दोबारा जांच कराई तो वह पूरी तरह नकली निकला. इसके बाद जब पीड़ित ने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे तो वे उसे आज-कल का बहाना बनाकर लगातार टालते रहे. हालांकि ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना गौरेला में दर्ज कराई.
दो आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर पुलिस ने नरेंद्र साहू, सरोज साहू, निर्मल जायसवाल और मनोज साकत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 225-बी, 3(5), 318(2) और 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने पीड़ित द्वारा बताए गए ठिकानों पर दबिश देते हुए नरेंद्र साहू और उसकी पत्नी सरोज साहू को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं इस मामले में दो अन्य आरोपी निर्मल जायसवाल और मनोज साकत फरार हैं, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है.
2 आरोपी फरार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. साथ ही इस ठगी के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में भी जांच की जा रही है.
“पीड़ित की शिकायत पर नकली सोना देकर 10 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
- छत्तीसगढ़:नकली सोना देकर 10 लाख रुपये की ठगी: खुदाई में गोल्ड मिलने का झांसा देकर रची थी साजिश, दो गिरफ्तार… - March 15, 2026
- पापमोचनी एकादशी पर जरूर करें इस कथा का पाठ, मिलेगा व्रत का पूरा फल… - March 15, 2026
- घर पर बनाएं बिहार का पारंपरिक चने की दाल का पराठा, देसी डिश खाकर सभी करेंगे तारीफ… - March 15, 2026
