रायगढ़। करोड़ों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की भव्य शोभायात्रा आगामी राम नवमी के अवसर पर 27 मार्च, शुक्रवार को रायगढ़ शहर में निकाली जाएगी। इस संबंध में रविवार को स्थानीय अग्रसेन भवन में श्री राम नवमी आयोजन समिति के तत्वावधान में सर्व हिंदू समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के सैकड़ों रामभक्त उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
बैठक में जानकारी दी गई कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रामनवमी के पावन अवसर पर भव्य श्रीराम शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत नटवर स्कूल प्रांगण में रामभक्तों द्वारा शस्त्र पूजन के साथ होगी। इसके बाद यहीं से शोभायात्रा पूरे शहर में धूमधाम और धार्मिक उत्साह के साथ निकाली जाएगी।
शोभायात्रा का मार्ग नटवर स्कूल प्रांगण से प्रारंभ होकर स्टेशन चौक, गांधी प्रतिमा, रामनिवास टॉकीज चौक, गोपी टॉकीज, मंदिर चौक, सुभाष चौक, हटरी चौक, पैलेस रोड, चांदनी चौक, गांजा चौक, गद्दी चौक, सिटी कोतवाली, हंडी चौक और घड़ी चौक से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा। समापन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा और भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा को और अधिक आकर्षक एवं अनुशासित बनाने के लिए विशेष योजना बनाई गई है। शोभायात्रा में शामिल होने वाली विभिन्न आकर्षक झांकियों और टोलियों को रनिंग शील्ड एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए निर्णायक के रूप में समिति से अलग शहर के गणमान्य नागरिकों की एक विशेष टीम गठित की जाएगी, जो सर्वश्रेष्ठ झांकी और टोली का चयन करेगी।
बताया गया कि इस भव्य शोभायात्रा में सर्व हिंदू समाज के 55 से अधिक समाजों के रामभक्त शामिल होंगे। इसके साथ ही विभिन्न युवा समितियों, सामाजिक संगठनों और भक्त मंडलियों द्वारा झांकियां, डीजे, ढोल-नगाड़े और अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ शोभायात्रा को और अधिक भव्य रूप दिया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में युवा समिति, महिला समिति, वार्ड समिति, दुर्गा पूजा समिति, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित कर शोभायात्रा को और अधिक भव्य और दिव्य बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी। आयोजन समिति ने सभी रामभक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में समय और सहयोग देकर इस आयोजन को सफल बनाएं।
समिति की सक्रिय तैयारियों और सर्व हिंदू समाज के उत्साह को देखते हुए इस वर्ष रायगढ़ में निकलने वाली श्रीराम शोभायात्रा पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य, आकर्षक और ऐतिहासिक होने की संभावना जताई जा रही है।



- “एक दिन में मिलेगा न्याय!” — 9 मई को लगेगी नेशनल लोक अदालत, मौके पर सुलह से निपटेंगे हजारों मामले… - April 29, 2026
- “गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन, मौके पर होगा समाधान!” — सारंगढ़ में ‘सुशासन तिहार 2026’ का बड़ा ऐलान… - April 29, 2026
- पट्टा मिला… पर नक्शे में नाम गायब! किसान पहुंचे कलेक्टर दरबार, न्याय की लगाई गुहार… - April 29, 2026
