धान खरीदी में डिजिटल घोटाला! डाटा एंट्री ऑपरेटर ने 279 बोरी धान की फर्जी खरीदी दर्ज..नोडल अधिकारी की शिकायत पर उपार्जन केंद्र में बड़ा खेल उजागर, ऑपरेटर निलंबित, फड़ प्रभारी बाहर..
रायगढ़।
जिले के धान उपार्जन केंद्र तमनार में धान खरीदी के नाम पर डिजिटल हेरफेर और फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि डाटा एंट्री ऑपरेटर ने वास्तविक खरीदी से कहीं अधिक धान की कंप्यूटर प्रविष्टि कर शासन की व्यवस्था को सीधी चुनौती दी। मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
85 बोरी अमानक, फिर भी 662 बोरी खरीदी दर्ज!
जिला नोडल अधिकारी धान उपार्जन केंद्र तमनार की जांच रिपोर्ट के अनुसार,
19 जनवरी 2026 को कृषक चन्द्रमणी पिता हरीशचंद्र, निवासी झिंकाबहाल, धान विक्रय हेतु केंद्र पहुंचे। जांच के दौरान 85 बोरी धान अमानक पाए जाने पर अलग कर दिए गए, जबकि शेष धान की नियमानुसार जांच के बाद केवल 383 बोरी धान खरीदी योग्य पाई गई।
समिति प्रबंधक को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि केवल मानक धान की ही खरीदी दर्ज की जाए, इसके बावजूद कंप्यूटर रिकॉर्ड की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ
279 बोरी धान की फर्जी एंट्री, शासन के नियमों की खुली अवहेलना-
जांच में सामने आया कि समिति के डाटा एंट्री ऑपरेटर ने कृषक के नाम पर 662 बोरी धान (264.80 क्विंटल) की खरीदी दर्ज कर दी, जबकि वास्तविक खरीदी केवल 383 बोरी थी।
इस प्रकार 279 बोरी धान (लगभग 111.6 क्विंटल) की फर्जी खरीदी प्रविष्टि कर दी गई। यह कृत्य छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशों का घोर उल्लंघन है।
कलेक्टर के सख्त तेवर, तत्काल कार्रवाई-
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित तमनार (पंजीयन क्रमांक 241) के
डाटा एंट्री ऑपरेटर अमित साव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
वहीं फड़ प्रभारी हरेराम सिदार को भी कर्तव्य में गंभीर लापरवाही के चलते धान खरीदी कार्य से तत्काल पृथक कर दिया गया है।
किसानों के हित से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं :
कलेक्टर
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने दो टूक कहा कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और ईमानदारी से कोई समझौता नहीं होगा।
फर्जी प्रविष्टि, आंकड़ों में हेरफेर या शासन के निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा।
साफ संदेश :
सिस्टम से खेला तो कार्रवाई तय
इस कार्रवाई से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि धान खरीदी में गड़बड़ी करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। किसानों के अधिकार और शासन की साख से खिलवाड़ करने वालों पर अब सीधा प्रहार होगा।
- 27 मार्च को रायगढ़ में निकलेगी भव्य श्रीराम शोभायात्रा, सैकड़ों रामभक्तों की बैठक में बनी भव्य आयोजन की रणनीति…. - March 15, 2026
- माता कर्मा जयंती पर सेवा और श्रद्धा का संगम, साहू समाज ने बांटी खिचड़ी व शीतल शरबत… - March 15, 2026
- गोठान का नाम बदलकर ‘सुरभि गौधाम’! सरकार कर रही पुरानी योजना की नई पैकेजिंग – बिनोद भारद्वाज - March 15, 2026
