कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के ग्राम बांगाबारी में दो महिलाओं और एक मासूम बच्ची को बेचने के आरोपों ने बीते दो दिनों से गांव में तनाव का माहौल बना दिया है। ग्रामीणों ने गांव की ही एक महिला जयबत्ती पर राजस्थान में महिलाओं को बेचने का आरोप लगाया था, लेकिन शाम होते-होते एक महिला के वीडियो कॉल ने पूरे मामले की तस्वीर ही बदल दी।

मामला कांकेर जिले के दुधावा चौकी अंतर्गत ग्राम बांगाबारी का है। ग्रामीणों का आरोप था कि गांव की निवासी जयबत्ती ने दो महिलाओं और एक बच्ची को बाहर बेच दिया है। आरोप सामने आने के बाद गांव में ग्राम सभा आयोजित की गई, जहां जयबत्ती द्वारा कथित रूप से जुर्म कबूल करने का एक पत्र और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया, जब मीडिया तक खबर पहुंची। लेकिन शाम होते-होते पुलिस को बड़ी जानकारी मिली। जयबत्ती की भांजी, जिस पर बेचने का आरोप लगाया जा रहा था, पुलिस के संपर्क में आई। पुलिस ने महिला से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह मध्यप्रदेश के मंदसौर में है और उसने अपनी मर्जी से वहीं के निवासी रमेश गुर्जर से शादी की है। महिला ने यह भी बताया कि उसका तीन साल का बच्चा है और वह किसी के बहकावे या दबाव में नहीं गई है। महिला ने जयबत्ती पर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया।
मामला यहीं शांत नहीं हुआ। जयबत्ती ने पुलिस को शिकायत दी कि ग्राम सभा के दौरान उससे जबरन 25 हजार रुपये वसूले गए। इस आरोप के बाद गुस्साए ग्रामीण बड़ी संख्या में पुलिस थाना पहुंच गए। पुलिस द्वारा घंटों समझाइश के बाद ग्रामीण शांत होकर लौटे।
मामले में पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में महिला और उसकी बच्ची से वीडियो कॉल पर संपर्क हो चुका है और दोनों सुरक्षित हैं। महिला ने स्वयं अपनी मर्जी से जाने की पुष्टि की है। वहीं दूसरी महिला के मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दूसरी महिला को भी सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।
- भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण (गुड्डू) यादव का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर… - August 1, 2026
- आजादी के दशकों बाद भी बदहाल “देवरहा”मुक्तिधाम और पक्की सड़क के लिए तरस रहे ग्रामीण, सीईओ को सौंपा ज्ञापन… - August 1, 2026
- ‘जुर्माने का रिचार्ज’ खत्म होते ही फिर शुरू हुआ ‘खनन उत्सव’?बरमकेला में प्रशासन की लाचारी पर माफिया भारी!12 लाख का ‘टोल टैक्स’ चुकाकर फिर पटरी पर लौटा डोलोमाइट सिंडीकेट..सात एकड़ जमीन गायब, पर साहब लोगों की आंखें अब भी बंद! - August 1, 2026




