रायगढ़: तेज रफ़्तार और लापरवाही का अंजाम,तेज रफ्तार स्कूटर और बाइक की भिड़ंत में 02 नाबालिगों की मौत, 02 कोमा मे….
रायगढ़: सोमवार शाम 4 बजे लैलूंगा के नजदीक कोतबा रोड में पाकरगांव रुड्डकेला के बीच तेज रफ्तार स्कूटर और बाइक की भिड़ंत में दो नाबालिगों की मौत हो गई। दो घायलों की हालत गंभीर है। कोमा में जाने के बाद एक युवक को रायगढ़ रेफर किया गया है, वहीं दूसरे की रेफर करने की तैयारी की जा रही है। कुछ दिन पहले इस मार्ग पर बस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। हादसा का शिकार दोनों नाबालिग जशपुर जिले के हरदीझरिया के रहने वाले हैं।
लैलूंगा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जशपुर बागबहार थाना के हरदीझरिया के नरेश यादव (17), दुर्गेश यादव (17), योगेश यादव (18) जूपिटर स्कूटर से किसी काम से लैलूंगा आए थे। अपना काम निपटाने के बाद ये तीन गांव लौट रहे थे। ये लोग कोतबा रोड पर पाकरगांव रुड्डकेला के बीच पहुंचे थे, तभी सामने से आ रहे बाइक चालक से इनकी भिड़ंत हो गई। रफ्तार तेज होने के कारण टक्कर भीषण थी। नरेश और दुर्गेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं योगेश और बाइक चालक युवक को गंभीर हेड इंज्युरी हुई जिससे दोनों कोमा में हैं। बाइक चालक की पहचान नहीं हो सकी है।
बाइक नंबर के आधार पर पुलिस युवक के परिवार को पता लगाने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद सड़क से गुजरने वालों ने दो शव और दो घायलों को सड़क पर इधर उधर पड़े देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टर ने योगेश की स्थिति गंभीर बताते हुए रायगढ़ रेफर कर दिया। वहीं बाइक चालक को भी रेफर करने की तैयारी है। डॉक्टरों ने दोनों घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई है।
- वेदांता पावर प्लांट हादसा: बिलासपुर में 29 अप्रैल को सुनवाई, आम लोग भी जांच टीम को दे सकते हैं घटना से जुड़े सबूत… - April 22, 2026
- छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में ओवर टाइम घोटाला : 115 करोड़ रुपए की गड़बड़ी में मैन पावर सप्लाई करने वाली कंपनी ईगल के दो अफसर गिरफ्तार… - April 22, 2026
- छत्तीसगढ़:भीषण गर्मी का असर,राशन दुकानों के समय में हुआ बदलाव, अब सुबह 7 से रात 9 बजे तक मिलेगा अनाज, दोपहर में दो घंटे बंद रहेगी दुकानें… - April 22, 2026

