सारंगढ़। खेल की धुन में पानी से भरे नाले में गिरने से एक मासूम बच्चे का असमय करुणान्त हो गया। यह दुखद वाक्या केडार थाना क्षेत्र का है। घर के नन्हे चिराग के असमय बुझने से आदिवासी परिवार सदमे में हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी झामलाल मार्को ने बताया कि ग्राम पहंदा में रहने वाले गजराज सिंह सिदार के घर के पास नाला है, जो पानी से भरा रहता है। वहीं, पिछले दिनों हुई बारिश से यह नाला लबालब है। बीते शाम गजराज का 5 वर्षीय बेटा हरीश सिंह घर से खेलता हुआ बाहर निकला और नाले के पास जाकर धींगामस्ती में मस्त हो गया। खेल की धुन में बच्चे का अचानक पांव फिसलते ही वह असंतुलित हो गया। अबोध बालक खुद को सम्हाल पाता, इसके पहले वह नाले में जा गिरा। जिस समय नाले में हरीश समाया, इत्तेफाकन कुछ लोग आसपास ही बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बच्चे को नाले में गिरते देख तत्काल इसकी सूचना गजराज को दी तो बदहवास सिदार परिवार मौके की नजाकत को भाप ग्रामीणों के साथ नाले में उतरकर खोजबीन में जुट गए। वहीं, जलमग्र हरीश को जब नाले से बाहर निकाला गया तो वह गंभीर रूप से सांसें ले रहा था। तदुपरांत, आदिवासी परिवार वाहन व्यवस्था कर हरीश को नजदीकी केडार के उप स्वास्थ्य केंद्र लेकर निकले तो बालक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने भी प्रारंभिक परीक्षण में उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, अस्पताल की तहरीर पर केडार पुलिस मर्ग कायम करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

- “एक दिन में मिलेगा न्याय!” — 9 मई को लगेगी नेशनल लोक अदालत, मौके पर सुलह से निपटेंगे हजारों मामले… - April 29, 2026
- “गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन, मौके पर होगा समाधान!” — सारंगढ़ में ‘सुशासन तिहार 2026’ का बड़ा ऐलान… - April 29, 2026
- पट्टा मिला… पर नक्शे में नाम गायब! किसान पहुंचे कलेक्टर दरबार, न्याय की लगाई गुहार… - April 29, 2026
