छत्तीसगढ़:’लकड़ियां लेकर आओ तभी खाना बनेगा’, मध्याह्न भोजन के लिए स्कूल में बच्चों से कराई गई मजदूरी…
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के एक सरकारी स्कूल में बच्चों से मजदूरी कराई गई है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया गै। स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों से जंगल से लकड़ियां उठवाकर लाई गई है।
इस घटना के फोटो सोशल मीडिया में सामने आए हैं। जिसके बाद परिजनों ने मामले की शिकायत की है।
मामला सामने आने के बाद डीईओ ने कहा- यह बहुत गलत बात है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कहां का है मामला
मामला गौरेला ब्लॉक के बैगा बाहुल्य क्षेत्र चुकतीपानी के बाजारडांड़ सरकारी स्कूल का है। यह प्राइमरी स्कूल है। छात्र अपने कंधों पर लकड़ियों के गट्ठर लेकर स्कूल के अंदर आ रहे हैं। घटना उस समय हुई है जब स्कूल में पढ़ाई की समय चल रहा था। बच्चों को पढ़ाने की जगह उनसे मजदूरी करवाई जा रही है। बच्चों से लकड़ियां चूल्हा जलाने के लिए मंगवाई गई थी।
बच्चों ने क्या कहा
जानकारी के अनुसार, बच्चों के लिए स्कूल में मध्याह्न भोजन बनाना था। मध्याह्न भोजन बनाने के लिए बच्चों से जंगल में लकड़ी कटवाई जा रही थी। उसके बाद बच्चे लकड़ी लेकर स्कूल आए। बच्चों ने बताया कि स्कूल में मध्याह्न भोजन पकाने के लिए उनसे लकड़ियां मंगवाई गई थी। परिजनों ने सवाल उठाया कि एग्जाम की तैयारी छोड़कर स्कूल प्रबंधन ऐसा काम कर रहा था।
मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने इस पर संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा, “वीडियो मेरे संज्ञान में आया है। यह बेहद निंदनीय है। इस संबंध में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले सूरजपुर जिले में भी स्कूल के बच्चों के साथ भेदभाव का मामला सामने आया था। जिसके बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी।
