रायगढ़ । एक मोटर सायकिल में 4 सवारी घूमने के शौक में नाबालिग युवक को अपने जान से हाथ धोना पड़ गया। दरअसल, दो बाईकों की आमने-सामने भिड़ंत होने से 1 किशोर की दर्दनाक मौत हो गई तो उसके तीनों नाबालिग साथी गंभीर हैं। यह हादसा घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।

इस संबंध में घरघोड़ा थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि ग्राम औराईमुड़ा में रहने वाले मनीष राठिया आत्मज विदेशी लाल (16 वर्ष) और उसी उम्र के बुधराम, धनुर्जय तथा धर्मेंद्र आपस में गहरे दोस्त होने के नाते अक्सर एक साथ ही रहते थे। बुधवार अपरान्ह लगभग 12 बजे एक मोटर सायकिल (क्रमांक-सीजी 13 एएल 5647) में चारों दोस्त एक दूजे से चिपककर बैठे और घूमने के लिए नूनदरहा जाने निकले।
एक तो नाबालिग, ऊपर से चार सवारी बाईक में सवार किशोर आपस में बतियाते हुए नूनदरहा कच्ची मार्ग में क्रशर के पास पहुंचे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एके अन्य मोटरसाइकिल (क्रमांक-सीजी 13 एए 3285) से उनकी टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अपेक्षाकृत तेज और लापरवाही पूर्वक रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। बाईक से बाईक भिड़ने की इस दुर्घटना में चार सवारी किशोर छिटककर ऐसे गिरे कि चारों जख्मी हो गए। चूंकि, मनीष राठिया के शरीर के बाहरी के अलावे अंदरूनी भागों में गंभीर चोटें आई, इसलिए चन्द सांसें गिनते ही मौके पर उसके प्राण पखेरू उड़ गए तो बुधराम, धनुर्जय और धर्मेंद्र असहाय हालत में कराहने लगे। वहीं, राहगीरों में से एक परिचित ने मनीष के चाचा घुराऊ राम राठिया को फोनकर एक्सीडेंट की सूचना दी।
बदहवास घुराऊ जब सरपंच के साथ घटना स्थल पहुंचा तो देखा कि उसके भतीजे की मृत्यु हो चुकी थी। तदुपरांत, एम्बुलेंस की मदद से तीनों घायलों को घरघोड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के बाद भी उनकी हालत खतरे के दायरे में बताई जा रही है। बहरहाल, मृतक के चाचा घुराऊ राम राठिया की रिपोर्ट पर घरघोड़ा पुलिस अब आरोपी बाईक चालक के खिलाफ भादंवि की धारा 279, 337, 304 ए के तहत मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
- कलमा बैराज के सभी गेट खुलेंगे, महानदी किनारे अलर्ट जारी… - June 14, 2026
- सारंगढ़:डेढ़ साल बाद भी नहीं मिला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना…. - June 14, 2026
- खड़ेगश्वरनाथ मंदिर व खाड़ाबंद तालाब में चलाया वृहद स्वच्छता अभियान..अरुण गुड्डू यादव और टीम की अनूठी पहल.. - June 14, 2026

