सक्ती। विकासखंड मालखरौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत नगझर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षकों की कमी का मामला सामने आया है। विद्यालय में करीब 50 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन वर्तमान में मात्र एक शिक्षक पदस्थ हैं। ऐसे में एक शिक्षक पर पांचों कक्षाओं के विद्यार्थियों को पढ़ाने की जिम्मेदारी होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है।
विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्राम पंचायत नगझर के पूर्व सरपंच शिव सागर मधुकर ने 17 अगस्त 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी, सक्ती को आवेदन सौंपकर समस्या के तत्काल निराकरण की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि एक शिक्षक के लिए करीब 50 विद्यार्थियों और पांच कक्षाओं का संचालन करना काफी कठिन है। इससे बच्चों को पर्याप्त समय और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में परेशानी हो सकती है। बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में कम से कम दो अतिरिक्त शिक्षकों की पदस्थापना किए जाने की मांग की गई है।
पूर्व सरपंच ने जिला शिक्षा अधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए नगझर प्राथमिक शाला में जल्द से जल्द दो अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राथमिक स्तर पर पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं होने का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षणिक गुणवत्ता पर पड़ सकता है।
अब निगाहें शिक्षा विभाग पर टिकी हैं कि नगझर प्राथमिक शाला में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए विभाग द्वारा कब तक ठोस कदम उठाया जाता है।


- ग्राम विकास में अब विज्ञान और सहभागिता का जोर… - October 1, 2026
- सियान के संगवारी में बुजुर्गों संग बच्चों की सजी अनोखी चौपाल… - October 1, 2026
- सियान बोझ नहीं, समाज की जड़ हैं… सम्मान और सहारे की जरूरत… - October 1, 2026
