सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 अगस्त 2026। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सघन अभियान शुरू कर दिया है। राज्यभर में संचालित “बने खाबो बने रहिबो-2.0” अभियान के तहत 17 अगस्त से सात दिवसीय खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य मिलावटी, असुरक्षित, अमानक एवं भ्रामक रूप से प्रस्तुत किए जा रहे खाद्य पदार्थों के निर्माण, वितरण और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण करना है। विशेष रूप से रक्षाबंधन के दौरान बड़ी मात्रा में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता पर विभाग की नजर रहेगी।
इसी क्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों, होटलों एवं फल दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करते हुए कारोबारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार के मिलावटी, अमानक या भ्रामक खाद्य पदार्थ का निर्माण एवं विक्रय पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान प्रतिबंधित या गैर-दुग्ध पदार्थों से तैयार किए गए डेयरी उत्पाद जैसे खाद्य पदार्थों की भी पहचान की जाएगी। दूध से बनी मिठाई के नाम पर वनस्पति तेल, वनस्पति वसा अथवा अन्य गैर-दुग्ध सामग्री का उपयोग कर वास्तविक दुग्ध मिठाई के रूप में बिक्री करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा थोक विक्रेताओं से ग्रामीण एवं छोटे बाजारों तक पहुंचने वाली संदिग्ध मिठाइयों की सप्लाई की जांच, होटल-रेस्टोरेंट में दूध, पनीर आदि के नाम पर उपयोग की जा रही सामग्री की जांच तथा खाद्य कारोबारियों एवं आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि रक्षाबंधन पर्व पर मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग और लेबल की अच्छी तरह जांच करें। किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने अथवा मिलावट दिखाई देने पर तत्काल खाद्य विभाग को सूचना दें। अभियान के जरिए विभाग ने साफ संदेश दिया है कि त्योहारी सीजन में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।


- सारंगढ़:48 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय, 2.06 करोड़ की मंजूरी… - August 17, 2026
- कैथा मेले में जुए की दुकानें! पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल… - August 17, 2026
- कुपोषण के खिलाफ सारंगढ़-बिलाईगढ़ की बड़ी कामयाबी, 88 बच्चे हुए सुपोषित… - August 17, 2026
