सारंगढ़। जनपद पंचायत सारंगढ़ के सभाकक्ष में विकसित भारत–रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) VB-G RAM G के अंतर्गत VGPP एवं SECURE को लेकर महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रशिक्षण आयोजित किया गया। बैठक में जनपद पंचायत के सीईओ राधेश्याम नायक एवं कार्यक्रम अधिकारी युवराज पटेल ने पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं को अधिक सहभागी, वैज्ञानिक एवं जरूरत आधारित तरीके से तैयार करने की जानकारी दी।
सीईओ राधेश्याम नायक ने बताया कि VB-G RAM G योजना के तहत ग्राम पंचायत विकास योजना (VGPP) को अधिक सहभागी और वैज्ञानिक तरीके से तैयार किया जाना है। योजना ग्रामसभा एवं वार्ड सभाओं के परामर्श से तैयार होगी और ग्राम की वास्तविक आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने VGPP के चार प्रमुख सिद्धांतों को विस्तार से समझाते हुए कहा कि योजना निर्माण में सहभागिता, संवेदनशील परिवारों की स्पष्ट पहचान, संतुलित आवश्यकता आकलन तथा वैज्ञानिक एवं प्रमाण आधारित योजना निर्माण पर विशेष जोर रहेगा।
उन्होंने बताया कि योजना में केंद्रित एवं संवेदनशील परिवारों की स्पष्ट पहचान कर उनकी परिस्थितियों, अपेक्षाओं, आकांक्षाओं तथा रोजगार तक पहुंच को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकताएं तय की जाएंगी। इससे ग्राम पंचायत की विकास योजना वास्तविक जरूरतों से सीधे जुड़ सकेगी।
कार्यक्रम अधिकारी युवराज पटेल ने बताया कि ग्राम पंचायत विकास योजना संतुलन आधारित होगी और ग्राम की वास्तविक आवश्यकता की पूरी सीमा को कवर करेगी। योजना केवल नमूना या औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रत्येक प्रस्तावित कार्य स्थानीय आंकड़ों, उपलब्ध संसाधनों और वैज्ञानिक आकलन के आधार पर तैयार किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान मनरेगा के नए स्वरूप, रोजगार गारंटी, आजीविका संवर्धन तथा SECURE सॉफ्टवेयर के माध्यम से योजना अपलोड करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं मैदानी कर्मचारियों को योजना निर्माण से लेकर ऑनलाइन अपलोडिंग तक की प्रक्रिया समझाई।
प्रथम बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ममता राजीव सिंह, जनपद पंचायत सदस्य एवं सरपंच उपस्थित रहे। वहीं द्वितीय बैठक में पंचायत सचिव, रोजगार सहायक सहित मनरेगा से जुड़े कर्मचारी शामिल हुए। प्रशिक्षण में जनपद पंचायत के अधिकारी, तकनीकी सहायक, रोजगार सहायक, पंचायत सचिव, आवास मित्र सहित बड़ी संख्या में मैदानी कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी ग्राम पंचायतों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण VGPP तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम की वास्तविक जरूरतों, स्थानीय आंकड़ों, रोजगार एवं आजीविका के अवसरों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को प्रभावी ढंग से तैयार करने पर जोर दिया।

- ग्राम विकास में अब विज्ञान और सहभागिता का जोर… - October 1, 2026
- सियान के संगवारी में बुजुर्गों संग बच्चों की सजी अनोखी चौपाल… - October 1, 2026
- सियान बोझ नहीं, समाज की जड़ हैं… सम्मान और सहारे की जरूरत… - October 1, 2026
