रायगढ़। शहर में स्वच्छता और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिक निगम रायगढ़ ने नालों में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए तीन प्रतिष्ठानों पर कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पैदा करने वालों के खिलाफ भविष्य में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नवनिर्मित नाले में फेंका जा रहा था कपड़ों का कचरा
नगर निगम के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रायगढ़ क्लॉथ, ए टू ज़ेड ड्रेसेज और सर्वमंगला क्लॉथ द्वारा संजय मार्केट के मुख्य जल निकासी नाले में ऊपर से कपड़ों का कचरा फेंका जा रहा था। सफाई अभियान के दौरान निगम की टीम ने नाले से दो मिनी टिप्पर से अधिक कपड़ों का कचरा बाहर निकाला।
जलभराव का बना बड़ा कारण
नगर निगम के अनुसार संजय मार्केट, गोपी टॉकीज और आसपास का क्षेत्र हर वर्ष बारिश में जलभराव से प्रभावित होता रहा है। इसी समस्या के समाधान के लिए सुभाष चौक से कल्वर्ट तक चौड़े और बड़े नाले का निर्माण कराया गया था। लेकिन नवनिर्मित नाले में कपड़ों का कचरा डाले जाने से हाल की बारिश में पानी की निकासी बाधित हो गई और क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन गई।
तीनों दुकानों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड
लापरवाही को गंभीर मानते हुए नगर निगम ने तीनों प्रतिष्ठानों पर 10-10 हजार रुपये, यानी कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि दोबारा नालों में किसी भी प्रकार का कचरा फेंकते पाए गए तो भारी जुर्माने के साथ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
आयुक्त की अपील—स्वच्छता नियमों का करें पालन
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि नालों में कचरा डालने से जल निकासी व्यवस्था बाधित होती है, जिससे बारिश के समय शहर में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता और नागरिकों की सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
आयुक्त ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। साथ ही सभी स्वच्छता निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
- सारंगढ़ में खेलों का महाकुंभ, 330 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम… - October 2, 2026
- गांधी-शास्त्री जयंती पर छात्राओं को मिला शिक्षा का संबल… - October 2, 2026
- गणपति विसर्जन में दिखी एसपी सुनील शर्मा की सख्ती, शांतिपूर्ण आयोजन ने जीता लोगों का भरोसा… - October 2, 2026
