रायगढ़। शहर के प्रतिष्ठित किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में करोड़ों नहीं, बल्कि लाखों रुपये की खरीदी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महाविद्यालय प्रशासन पर शासकीय खरीद नियमों की अनदेखी करते हुए एयर कंडीशनर (एसी), कुर्सियां, वॉटर कूलर सहित अन्य सामग्री की खरीद में भारी वित्तीय अनियमितता करने के आरोप लगे हैं। मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब दावा किया गया कि पूरी खरीदी प्रक्रिया में महाविद्यालय की अधिकृत क्रय समिति को जानकारी तक नहीं दी गई।

क्रय समिति को अंधेरे में रखकर खरीदी का आरोप
आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने नियमों को दरकिनार करते हुए सीधे स्थानीय दुकानदारों से सामान मंगवा लिया। जबकि शासन के नियमानुसार किसी भी सामग्री की खरीदी, सत्यापन और रिकॉर्ड संधारण में क्रय समिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। समिति के सदस्यों का कहना है कि उन्हें इस खरीदी की कोई जानकारी नहीं दी गई।
फर्जी कोटेशन का भी आरोप
मामले में नया मोड़ तब आया जब कॉलेज प्रशासन ने दावा किया कि कम कीमत मिलने के कारण स्थानीय दुकानदारों से कोटेशन लेकर खरीदी की गई। लेकिन आरोप है कि जिन दुकानदारों के नाम पर कोटेशन लगाए गए, उन्होंने ही ऐसे किसी कोटेशन की जानकारी होने से इनकार कर दिया। इससे फर्जी और कूटरचित कोटेशन तैयार कर खरीदी को वैध दिखाने की आशंका जताई जा रही है।
जेम पोर्टल पर नहीं मिला रिकॉर्ड
आरोप लगाने वालों का कहना है कि खरीदे गए सामान का न तो कोई वैध बिल उपलब्ध कराया गया है और न ही सरकारी खरीद के लिए अनिवार्य जेम (GeM) पोर्टल पर इसका रिकॉर्ड मौजूद है। ऐसे में पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
एबीवीपी ने लगाए गंभीर आरोप
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की नगर मंत्री रुचि मिश्रा ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय में पिछले कुछ समय से अपारदर्शिता का माहौल है। उनके अनुसार हाल ही में करीब 2 लाख रुपये से अधिक की सामग्री नियमों को दरकिनार कर खरीदी गई, जबकि पूरे चालू सत्र में लगभग 82 लाख रुपये की खरीदी की जा चुकी है। उन्होंने दावा किया कि इस खर्च का स्पष्ट हिसाब-किताब न तो कॉलेज प्रशासन के पास है और न ही क्रय समिति के पास उपलब्ध है।
उच्च स्तरीय जांच की मांग, आंदोलन की चेतावनी
एबीवीपी ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा खरीदी से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यार्थियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




