रायगढ़, 25 सितंबर 2026। थाना धरमजयगढ़ क्षेत्र के बिहारी ढाबा में पुलिसकर्मियों पर मारपीट और अशोभनीय आचरण के आरोपों की शिकायत के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह ने तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। मामले में प्रथम दृष्टया कर्तव्य में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पाए जाने पर थाना धरमजयगढ़ के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं आरक्षक विजय राठिया को ढाबा संचालक के साथ अशोभनीय आचरण किए जाने का मामला प्रथम दृष्टया सामने आने पर रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
जानकारी के अनुसार 24 सितंबर को बिहारी ढाबा के संचालक मोंटू गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 23 सितंबर की रात प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी सहित अन्य पुलिस स्टाफ ढाबे पर पहुंचे और विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की तथा शिकायतकर्ता का पक्ष भी सुना। प्रारंभिक परीक्षण में पुलिसकर्मियों के आचरण और कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही के तथ्य प्रथम दृष्टया सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की गई।
मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी को प्राथमिक जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और आम नागरिकों के साथ अनुचित व्यवहार को लेकर विभाग स्तर पर गंभीरता बरती जा रही है।

- बिलाईगढ़ CMO पर गिरी गाज, यशवंत देवांगन निलंबित… - September 25, 2026
- ढाबा संचालक की शिकायत पर पुलिस में बड़ा एक्शन, प्रधान आरक्षक निलंबित,आरक्षक लाइन अटैच… - September 25, 2026
- जिला मुख्यालय की बदहाल तस्वीर: सड़कें उखड़ीं, स्ट्रीट लाइटें बंद और नालियों का गंदा पानी सड़क पर! - September 25, 2026
