सारंगढ़। शासन की छोटी-सी आर्थिक मदद जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़े बदलाव का आधार बन सकती है। बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम झुमका की फुलेश्वरी साहू के परिवार की कहानी इसका उदाहरण है। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत उनकी बेटी को 3 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिली है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा आर्थिक कठिनाइयों के कारण प्रभावित न हो, इसके लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सहायता प्रदान की जा रही है। श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मार्गदर्शन में पात्र श्रमिक परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
फुलेश्वरी साहू सीमित संसाधनों के बीच अपनी बेटी को बेहतर शिक्षा दिलाने का सपना देख रही हैं। ऐसे समय में मिली 3 हजार रुपये की छात्रवृत्ति उनके लिए पढ़ाई से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहारा बनी है। उन्होंने बताया कि आर्थिक सहयोग मिलने से बेटी की पढ़ाई जारी रखने का हौसला बढ़ा है। उनकी इच्छा है कि बेटी खूब पढ़े, आगे बढ़े और अपने सपनों को साकार करे।
जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में श्रमिक परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नौनिहाल छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा जारी रखने में सहयोग देने के साथ उनके बेहतर भविष्य की राह भी मजबूत कर रही हैं।

