रायगढ़, 15 सितंबर 2026। शहर के रामभांठा क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुराने बस डिपो के पास एक खाली प्लॉट में 16 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ। किशोर सोमवार रात चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। सुबह शव मिलने की सूचना पर कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर की सुबह कोतवाली पुलिस को कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो, रामभांठा स्थित संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
मौके पर पहुंचे शिवलाल चौहान, पिता बालकराम चौहान, उम्र 49 वर्ष, निवासी रामभांठा, मूल निवासी नवीन भटगांव, थाना लैलूंगा ने शव की पहचान अपने पुत्र धनुर्जय चौहान उर्फ गणेश के रूप में की। परिजनों के मुताबिक धनुर्जय सोमवार रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच मंगलवार सुबह पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में शव मिलने की सूचना मिली।
परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान धनुर्जय के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में उसके सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और चोट कैसे लगी, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने तेज की जांच, संदिग्धों से पूछताछ
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ और घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस किशोर के घर से निकलने के बाद की गतिविधियों, उसके संपर्क में रहे लोगों और घटनास्थल से जुड़े तमाम पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। साथ ही घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी।

- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
- जुआरियों की शामत! SP सुनील शर्मा के निर्देशन में भटगांव पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, ₹7,850 नगद बरामद.. - September 15, 2026
