रायगढ़, 15 सितंबर 2026। थाना कापू क्षेत्र के ग्राम पखनाकोट में ग्रामीण चैतराम यादव उर्फ महेश यादव की टांगी से हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी नैहर साय मांझी (45 वर्ष), पिता स्व. गोपाल मांझी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त टांगी भी छाताघुरा जंगल से बरामद कर जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर को कापू पुलिस को ग्राम पखनाकोट निवासी चैतराम यादव उर्फ महेश यादव (50 वर्ष) की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के निर्देश पर थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे। मृतक का शव आरोपी के घर की परछी में जमीन पर पड़ा मिला।
पुलिस को मृतक के भतीजे वासुदेव यादव ने बताया कि 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात गांव का ही नैहर साय मांझी घर आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी ने चैतराम यादव पर टांगी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर हत्या का अपराध दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में कबूला अपराध, जंगल से मिली टांगी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी के अनुसार, अपने इलाज कराने की बात और आपसी कहासुनी को लेकर विवाद हुआ था, जिसके दौरान उसने चैतराम यादव पर टांगी से वार किया। घटना के बाद आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त टांगी को छाताघुरा जंगल में एक पत्थर के नीचे छिपा दिया था।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस टीम ने छाताघुरा जंगल पहुंचकर वारदात में प्रयुक्त टांगी बरामद कर जब्त कर ली। आरोपी नैहर साय मांझी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
24 घंटे में सुलझी हत्या की गुत्थी
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में कापू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझा दी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी कैवर्त, सोमेश गोस्वामी, आरक्षक संजीव पटेल, कन्हैया लाल भगत एवं विभूति सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
- जुआरियों की शामत! SP सुनील शर्मा के निर्देशन में भटगांव पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, ₹7,850 नगद बरामद.. - September 15, 2026
