रायगढ़। रायगढ़ से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते मई महीने से अब तक रायगढ़ जीआरपी में चोरी के करीब 8 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इन घटनाओं में यात्रियों के करीब 3 लाख 13 हजार रुपये नकद, मोबाइल, लैपटॉप और सोने के जेवरात चोरी हो चुके हैं। अधिकांश मामलों में चोर यात्रियों के सोने या भीड़भाड़ का फायदा उठाकर बैग और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार कई यात्रियों के साथ चोरी की वारदातें दूसरे राज्यों से यात्रा के दौरान हुईं। जब ट्रेन रायगढ़ पहुंची या आगे बढ़ी, तब उनकी नींद खुलने पर चोरी का पता चला। इसके बाद संबंधित यात्रियों ने शिकायत दर्ज कराई, वहीं कुछ मामलों की जांच फाइलें दूसरे राज्यों की जीआरपी से रायगढ़ भेजी गई हैं।

रायगढ़-बिलासपुर और झारसुगुड़ा रूट पर सक्रिय गिरोह
सूत्रों के अनुसार रायगढ़ से बिलासपुर के बीच ट्रेनों में चोरी की घटनाओं में अकलतरा और आसपास के कुछ संदिग्धों की संलिप्तता सामने आ रही है। वहीं ओडिशा के झारसुगुड़ा से रायगढ़ तक भी एक संगठित चोर गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। ये गिरोह भीड़ का फायदा उठाकर ट्रेन में सवार होते हैं और यात्रियों के बैग, पर्स, मोबाइल व अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते हैं।
जीआरपी की बढ़ी सतर्कता, सिविल ड्रेस में भी तैनात जवान
जीआरपी थाना प्रभारी आर.के. बोरझा ने बताया कि ट्रेनों में चोरी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कई मामलों में यात्री यात्रा पूरी होने के बाद शिकायत दर्ज कराते हैं, जिससे तत्काल कार्रवाई में कठिनाई आती है। उन्होंने बताया कि जीआरपी की अलग-अलग टीमें ट्रेनों में लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। साथ ही सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है ताकि संदिग्धों पर नजर रखी जा सके और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
लगातार सामने आए चोरी के मामले
10 मई: मुंबई निवासी अलामिन फिरोज शेख का गीतांजलि एक्सप्रेस में 25 हजार रुपये कीमत का मोबाइल चोरी हो गया।
4 जून: बैकुंठपुर निवासी ब्रजेश कुमार झा का दरभंगा से रायगढ़ आते समय बैग चोरी हो गया। उन्होंने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई।
7 जून: बलसाड़–पुरी एक्सप्रेस में ओडिशा निवासी शेख इमामुद्दीन का लैपटॉप सहित करीब 45 हजार रुपये का सामान चोरी हो गया।
7 जून: रायगढ़ की बृहस्पति बाई का बीआर ट्रेन में यात्रा के दौरान करीब 30 हजार रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया।
14 जून: पद्मावती थवाइत का नर्मदा एक्सप्रेस में पर्स और बैग चोरी हो गया। पर्स बाथरूम में मिला, लेकिन मोबाइल और अन्य सामान गायब था। कुल करीब 90 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
20 जून: शहडोल निवासी बालकृष्ण द्विवेदी का बलसाड़-पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस से लैपटॉप सहित करीब 65 हजार रुपये का सामान चोरी हो गया।
11 जून: महाराष्ट्र की प्रार्थना शंकर माईती का आजाद हिंद एक्सप्रेस में हैंडबैग चोरी हो गया, जिसमें मोबाइल और नकदी सहित करीब 33,200 रुपये का सामान था। मामला बाद में रायगढ़ जीआरपी को स्थानांतरित किया गया।
25 जून: चंद्रपुर निवासी प्रेमशीला पांडव का टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन में बैग से पर्स चोरी हो गया, जिसमें करीब 25 हजार रुपये का सामान रखा था।
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने बैग, मोबाइल, पर्स और कीमती सामान को सुरक्षित रखें। रात में सोते समय सामान को चेन या लॉक से सीट से बांधकर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या नजदीकी जीआरपी को दें। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
- रायगढ़:संजय मार्केट में निगम का सख्त एक्शन, 20 दुकानदारों पर ₹22,500 का जुर्माना… - June 27, 2026
- रायगढ़:नाले में कचरा फेंकना पड़ा भारी, तीन प्रतिष्ठानों पर 30 हजार का जुर्माना… - June 27, 2026
- रायगढ़:किरोड़ीमल कॉलेज में 82 लाख की खरीदी पर घोटाले का आरोप, फर्जी कोटेशन और नियमों की अनदेखी का दावा… - June 27, 2026


