“जहां नारी का सम्मान, वहीं देवताओं का निवास” महिला दिवस पर शिवकुमारी अनिल साहू का संदेश…
सारंगढ़।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शिवकुमारी अनिल साहू ने महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस प्रतिवर्ष 8 मार्च को महिलाओं के संघर्ष, सफलता और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से मनाया जाता है। यह दिवस समाज को महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।
अपने संदेश में शिवकुमारी अनिल साहू ने कहा कि हर वर्ष महिला दिवस के लिए एक विशेष थीम निर्धारित की जाती है, जिसका उद्देश्य विश्व स्तर पर लैंगिक समानता को बढ़ावा देना और महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना होता है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में पुरुषों के समान सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है, तभी एक संतुलित और समृद्ध समाज का निर्माण संभव हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और धार्मिक ग्रंथों में नारी को अत्यंत ऊंचा स्थान दिया गया है। हिंदू धर्म में महिलाओं को लक्ष्मी, दुर्गा और सरस्वती के रूप में पूजा जाता है। नारी की गरिमा और महत्व को रेखांकित करते हुए मनुस्मृति में कहा गया है— “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता”, अर्थात जहां नारियों का सम्मान और पूजन होता है, वहां देवताओं का वास होता है।
शिवकुमारी अनिल साहू ने कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं बल्कि समाज और संस्कृति की संरक्षक भी है। उन्होंने कहा कि नारियों में लक्ष्मी का वास माना जाता है और वे ज्ञान, बुद्धि तथा करुणा की प्रतीक होती हैं। समाज का कर्तव्य है कि वह महिलाओं को सदैव सम्मान और पवित्र दृष्टिकोण से देखे तथा उनके अधिकारों और गरिमा की रक्षा करे।
उन्होंने आगे कहा कि इतिहास गवाह है कि हर युग में नारियों ने त्याग, बलिदान, अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया है। परिवार से लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण तक महिलाओं का योगदान अमूल्य रहा है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह महिलाओं को उचित सम्मान दे और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े।
अंत में उन्होंने सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, सम्मान और सशक्त जीवन की कामना की।
