रायगढ़। पिता ने शराब पीने से मना किया तो नशे में धुत्त बेटे ने उसकी पिटाई के बाद बंद कमरे में फांसी लगाते हुए आत्महत्या कर ली। यह दुखद प्रसंग छाल थाना क्षेत्र का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बांधापाली में रहने वाले मंगलू सिदार का 27 वर्षीय बेटा दीपक सिदार शराब पीने का आदी होने के कारण अक्सर पीकर घर जाता और परिजनों से बेवजह विवाद करता था। शराबी बेटे की इस हरकत से पिता काफी तंग था। गुरुवार शाम भी दीपक शराब पीकर घर पहुंचा और बिना कारण कलह करने लगा।
दीपक को नशे में तमाशा करते देख मंगलू ने जमकर फटकार लगाते हुए उसे भला बुरा कहा तो युवक भडक़ गया। गुस्से से तमतमाए दीपक ने आव देखा न ताव और अपने पिता की जमकर धुनाई कर दी। नशेड़ी बेटे के आक्रामक तेवर से मंगलू को जख्मी देख उसकी बीवी ने बीचबचाव करते हुए बेटे दीपक को किसी तरह शांत कराते हुए पड़ोसी के यहां चली गई। देर शाम जब मंगलू की बीवी वापस घर लौटी तो दरवाजे को भीतर से बन्द पाया।
काफी आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर महिला ने जब खिडक़ी से अंदर झांका तो जवान बेटे की लाश को फांसी के फंदे पर लटकती देख एकबारगी उसकी रूह कांप उठी। तदुपरांत, बदहवास महिला ने परिजनों को बुलाने पर थाने में इसकी सूचना दी। फिलहाल, पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले करने वाली छाल पुलिस मर्ग कायम कर छानबीन में जुटी है।
- नियमितीकरण की मांग पर गरजीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, सौंपा ज्ञापन… - October 27, 2026
- अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, 5 वाहन पकड़े… - October 27, 2026
- बैकयार्ड कुक्कुट योजना से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय, 150 इकाइयों का वितरण… - October 27, 2026
