सारंगढ़। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को सरसीवां और भटगांव तहसील क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 5 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
खनिज विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान सरसीवां क्षेत्र में साधारण रेत का अवैध परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर पकड़े। वहीं भटगांव तहसील क्षेत्र में चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए दो हाइवा वाहनों को पकड़ा गया। इसके अलावा साधारण रेत का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर पर भी कार्रवाई की गई। इस तरह दोनों क्षेत्रों में कुल पांच वाहनों को अवैध खनिज परिवहन के मामले में कार्रवाई की जद में लिया गया।
कार्रवाई के बाद संबंधित वाहनों को थाना सरसीवां एवं थाना भटगांव की अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर की जा रही इस कार्रवाई का उद्देश्य खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर अंकुश लगाना और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी।

- नियमितीकरण की मांग पर गरजीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, सौंपा ज्ञापन… - October 27, 2026
- अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, 5 वाहन पकड़े… - October 27, 2026
- बैकयार्ड कुक्कुट योजना से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय, 150 इकाइयों का वितरण… - October 27, 2026
