रायगढ़। मंगलवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर की तेज धूप के बाद करीब साढ़े 3 बजे तेज हवाओं, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश ने पूरे अंचल को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक बदले मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं आकाशीय बिजली और तेज आंधी के बीच विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो गई।
तेज आंधी-तूफान और लाइटनिंग के चलते 220 केवी सब स्टेशन रायगढ़ में पावर ग्रिड से आने वाली सप्लाई फेल हो गई। इसके कारण रायगढ़ के साथ-साथ सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और देखते ही देखते कई इलाकों में अंधेरा छा गया।
अचानक बिजली गुल होने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ ही दुकानदारों और अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज हवाओं, बारिश और गरज-चमक के बीच बिजली व्यवस्था ठप होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
स्थिति को सामान्य करने के लिए विद्युत विभाग की तकनीकी टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। टीमें फॉल्ट का पता लगाने और पावर सप्लाई बहाल करने में जुटी हुई हैं। विभाग से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विद्युत आपूर्ति सामान्य होने में करीब एक घंटे का समय लग सकता है। हालांकि मौसम की स्थिति और तकनीकी फॉल्ट को ठीक करने में लगने वाले समय के आधार पर इसमें कुछ बदलाव संभव है।
गौरतलब है कि मंगलवार को दिनभर तेज धूप और उमस के बाद अचानक मौसम में आए बदलाव से लोगों को राहत तो मिली, लेकिन तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने कई तरह की परेशानियां भी खड़ी कर दीं। फिलहाल रायगढ़ के साथ सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं।

- आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से रायगढ़ में हाहाकार, तीन जिलों की बिजली व्यवस्था चरमराई… - October 6, 2026
- अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में उमंग-उत्साह का रंग, चार प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक… - October 6, 2026
- ज्योति पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भाजपा को मिली नई ऊर्जा- हरिनाथ खूंटे - October 6, 2026
