रायगढ़: रेलवे स्टेशन पर रेल नीर के अलावा दूसरे ब्रांड की पानी की बोतल बिक रही है। पर्याप्त सप्लाई होने के बावजूद स्टाल संचालक मनमानी कर रहे हैं। दरअसल लोकल ब्रांड की बोतल में कमाई ज्यादा है और रेलनीर में मार्जिन कम है। रेल नीर की बोतल 15 रुपए बेचनी पड़ती है, जबकि लोकल ब्रांड की बोतल 20 रुपए में बिकती है।

गर्मी का कहर है, स्टेशन पर वाटर कूलर खराब है, इसलिए ठंडे पानी के लिए यात्री और प्लेटफॉर्म पर इंतजार करने वालों को 20 रुपए की बोतल खरीदनी पड़ती है। मनमानी पर टोकने से स्टॉल संचालक और वेंडर यात्रियों से बदतमीजी करते हैं। कुछ दिन पहले रेल नीर की सप्लाई कम थी।
स्टाल संचालकों ने लोकल ब्रांड का पानी बेचना शुरू किया। अब सप्लाई पर्याप्त है, लेकिन मुनाफे के चक्कर में यात्रियों को रेल नीर की बोतल नहीं दी जा रही है। ज्यादातर स्टाल में वेंडर मनमानी कर रहे हैं।
वेंडर को मिलते हैं 3 रुपए
रेलनीर बेचने से संचालक और वेंडरों को 3 रुपए तक मिलते हैं, लेकिन लोकल ब्रांड का पानी बेचने पर 12 रुपए तक कमाई होती है, जिससे 100 रुपए की पेटी बेचने पर 80 रुपए तक का फायदा संचालकों को होता है।
खराब वाटर कूलर नहीं बने
रेलवे स्टेशन के दोनों प्लेटफार्म पर समाजसेवी और संस्था ने वाटर मशीन लगवाई थी। गर्मी से पहले इसे ठीक किया था, ताकि लोगों को ठंडा पानी मिल सके, लेकिन कुछ दिन बाद ही मशीन खराब हो गई, जिससे यात्रियों को टंकी का गर्म पानी मिलता है। ऐसे में बोतल खरीदने की मजबूरी होती है।
नहीं मिली है कोई शिकायत
“दूसरे ब्रांड की पानी बोतल बेचने की शिकायत नहीं मिली है। स्टॉल पर आपको सिर्फ रेल नीर ही दिखाई देगा। इसके अलावा दूसरे ब्रांड नजर नहीं आएंगे।” प्रेम कुमार राउत, स्टेशन मास्टर
- सारंगढ़ में खेलों का महाकुंभ, 330 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम… - October 2, 2026
- गांधी-शास्त्री जयंती पर छात्राओं को मिला शिक्षा का संबल… - October 2, 2026
- गणपति विसर्जन में दिखी एसपी सुनील शर्मा की सख्ती, शांतिपूर्ण आयोजन ने जीता लोगों का भरोसा… - October 2, 2026
