रायगढ़। पंचायत भवन द्वार के पास बेकाबू पिकअप और मोटर सायकिल भिड़ने से अधेड़ ग्रामीण की जान चली गई। वहीं, उसके साथी का पैर टूट गया। यह हादसा बरमकेला थाना क्षेत्र का है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बरमकेला से 6 किलोमीटर दूर ग्राम सराईपाली निवासी ध्वजाराम चौहान आत्मज डुगुराम ( 50 वर्ष ) शनिवार को लेन्ध्रा में रहने वाले तुलसी पटेल के साथ मोटर सायकिल से बरमकेला गया था।
कामकाज निपटने के बाद दोनों ग्रामीण वापस सराईपाली लौट रहे थे तभी गांव के पंचायत भवन गेट के पास अपेक्षाकृत तेज और लापरवाही पूर्वक रफ्तार से पिकअप (क्रमांक -OR15M8925) चला रहे चालक ने उनको ठोक दिया। चार पहिया वाहन की अप्रत्याशित टक्कर लगते ही सन्तुलन बिगड़ने पर बाईक सहित दोनों गिर गए।
इस हादसे में सीने के दाहिने तरफ गंभीर चोटें आने के कारण ध्वजाराम ने जीवन और मृत्यु के बीच चन्द सांसें गिनते ही मौके पर दम तोड़ दिया तो तुलसी के बाएं पैर की हड्डी फ्रैक्चर होने पर वह असहाय हालत में पड़ा रहा। पंचायत भवन द्वार के पास क्षतिग्रस्त बाईक के पास दोनों को रक्तरंजित हालत में देख लोगों ने 112 नंबर डायल कर दुर्घटना की सूचना देते हुए मदद की मांग की।
कुछ ही देर में एम्बुलेंस आने पर दोनों को नजदीकी बरमकेला अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही ध्वजाराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में पैर तुड़वाने वाले तुलसी का सघन उपचार जारी है। फिलहाल, अस्पताल की तहरीर और जख्मी के बयान के आधार पर बरमकेला पुलिस ने पिकअप को जब्त करते हुए आरोपी चालक के विरुद्ध भादंवि की धारा 279, 338, 304 ए के तहत मुकदमा पंजीबद्ध किया
- पवनी में भीषण सड़क हादसा: पल्सर सवार युवक की मौत, हादसा खुद गिरने से या टक्कर से? जांच में जुटी पुलिस… - October 29, 2026
- चक्रवात ‘अर्नब’ का असर: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में कल सभी स्कूल बंद.. - October 29, 2026
- 14 श्रद्धालु करेंगे अमृतसर-वैष्णो देवी के दर्शन, 2 नवंबर तक आवेदन… - October 29, 2026
