रायगढ़। दो रोज से लापता किसान की काजू बाड़ी के एक पेड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में नग्न लाश मिलने का मामला प्रकाश में आया है। चूंकि, मृतक के पीठ- कमर में घसीटने के निशान है, इसलिए आशंका है कि ग्रामीण को मारकर फांसी पर लटकाया गया है। यह वारदात पुसौर थाना क्षेत्र की है। इस संबंध में थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि पुसौर से लगभग 20 किलोमीटर दूर ग्राम लोहाखान में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ओडिशा सीमा से लगे काजू बाड़ी स्थित एक पेड़ में बंधे लूंगी के फंदे पर तकरीबन 50 वर्षीय एक ऐसे पुरुष की लाश मिली जो पूरी तरह निर्वस्त्र था।

फिर क्या, काजू पेड़ में लटक रहे शव को देखने भीड़ लगी तो उसकी शिनाख्त गांव के ही उदयराम भोय आत्मज दौलत राम के रूप में होते ही इसकी सूचना थाने में दी गई। वहीं, काजू बाड़ी में नग्न लाश मिलने की भनक लगते ही हरकत में आई पुलिस ने लोहाखान से 1 किलोमीटर दूर काजू बाड़ी पहुंचकर जायजा लिया तो कई ऐसी चीजें दिखी जिससे घटना पर संदेह की अंगुली उठ रही थी। जैसाकि मृतक के पीठ और कमर पर जमीन में घसीटने के निशान दिख रहे थे तो उसका चेहरा काला पड़ चुका था। वर्दीधारियों ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की तो पता चला कि उदयराम के एक बेटे और एक बेटी है, जिनकी शादी हो चुकी है। खेती किसानी करने वाला उदयराम बीते शुक्रवार की शाम 5 बजे घर से निकला था, उसके बाद वह नहीं लौटा। बहरहाल, पुसौर पुलिस मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने की बाट जोह रही है, ताकि किसान की मौत के पीछे की असलियत सामने आ सके।

- हरी खाद और बीजीए कल्चर से बदलेगी खेती की तस्वीर : संयुक्त संचालक राठौर ने सारंगढ़ कृषि विभाग को दिए बड़े निर्देश… - May 7, 2026
- उर्वरक वितरण पर नहीं कोई रोक : सरकार ने अफवाहों पर लगाया विराम, किसानों से भ्रामक खबरों से बचने की अपील… - May 7, 2026
- सारंगढ़-बिलाईगढ़ को मिली नई कलेक्टर : आईएएस पद्मिनी भोई साहू ने संभाली कमान, प्रशासनिक महकमे में उत्साह…. - May 7, 2026
