सारंगढ़। जिला कांग्रेस कार्यालय सारंगढ़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश एवं जिलाध्यक्ष ताराचंद के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पटेल एवं शहर अध्यक्ष रामनाथ सिदार ने किया।
कार्यक्रम में विधायक उत्तरी जांगड़े, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी बंजारे, गोल्डी नायक, सूरज तिवारी, अरुण मालाकार, संजय दुबे, सरिता मल्होत्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर विधायक उत्तरी जांगड़े ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और आदर्शों को समाज एवं देश के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत तथा शास्त्रीजी की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

नपा चुनाव को लेकर बढ़ी सरगर्मी
जयंती कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के बीच आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर चर्चा हुई। अध्यक्ष पद के लिए अजय बंजारे, किशोर निराला, सरिता मल्होत्रा एवं जगदीश अजगल्ले ने अपनी दावेदारी रखी। दावेदारों को लेकर पार्टी के भीतर विचार-विमर्श किया गया तथा संगठनात्मक स्तर पर आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में जल्द ही चुनाव समिति के गठन पर सहमति बनी। समिति के गठन के बाद संभावित प्रत्याशियों और चुनावी तैयारियों को लेकर आगे की प्रक्रिया तय किए जाने की बात सामने आई। जयंती कार्यक्रम के बाद हुई इस राजनीतिक चर्चा से स्थानीय स्तर पर नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर सक्रियता बढ़ती दिखाई दी।

- नन्हीं लीया बनी ‘नन्हीं रिपोर्टर’, डीईओ से किया बेबाक सवाल… - October 3, 2026
- गांधी-शास्त्री को नमन, नपा चुनाव पर कांग्रेस में मंथन… - October 3, 2026
- बुनकरी से बदलेगी सपेरा बस्ती की तकदीर, 40 महिलाएं आत्मनिर्भरता की राह पर… - October 3, 2026
