सारंगढ़। जिला एवं सत्र न्यायालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने चेक अनादरण के एक चर्चित मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश संतोष महोबिया ने दाण्डिक अपील प्रकरण चंद्रा कम्युनिकेशन विरुद्ध बसंती भास्कर में फैसला सुनाते हुए अभियुक्ता बसंती भास्कर को दोषी ठहराया और ₹1 लाख के अर्थदंड से दंडित किया है।
मामले के अनुसार परिवादी राजकुमार चंद्रा, चंद्रा कम्युनिकेशन्स सारंगढ़ के प्रोपराइटर हैं। परिवाद में बताया गया कि अभियुक्ता बसंती भास्कर ने 31 जुलाई 2018 को उनकी दुकान से ₹74 हजार मूल्य के कंप्यूटर एवं संबंधित सामग्री खरीदी थी। इसमें ₹20 हजार का भुगतान नगद किया गया, जबकि शेष ₹54 हजार की राशि के लिए चेक क्रमांक 00431, दिनांक 31 जनवरी 2019 जारी किया गया।
परिवादी ने उक्त चेक को 4 फरवरी 2019 को भारतीय स्टेट बैंक, सारंगढ़ के माध्यम से इंडियन बैंक शाखा पेंड्रावन में भुगतान के लिए प्रस्तुत किया। पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण बैंक ने चेक को अनादरित कर दिया। इसके बाद परिवादी की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से 7 मार्च 2019 को विधिक नोटिस भेजकर बकाया राशि का भुगतान करने की मांग की गई, लेकिन न तो नोटिस का जवाब दिया गया और न ही राशि का भुगतान किया गया।
हस्ताक्षर स्वीकार होने पर बनी कानूनी धारणा
न्यायालय ने अपने आदेश के पैरा 16 एवं 17 में महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि जब अभियुक्त द्वारा चेक पर किए गए हस्ताक्षर स्वीकार कर लिए गए हों, तो कानून के तहत यह धारणा बनती है कि चेक किसी वैध दायित्व के निर्वहन के लिए जारी किया गया था। इस कानूनी धारणा का खंडन करने का भार अभियुक्ता पर था, लेकिन वह इसे साबित करने में सफल नहीं रही।
45 दिन में जमा करनी होगी राशि
न्यायालय ने अभियुक्ता को धारा 138, परक्राम्य लिखत अधिनियम (N.I. Act) के तहत ₹1 लाख के अर्थदंड से दंडित किया है। आदेश के अनुसार अर्थदंड की राशि फैसले की तारीख से 45 दिवस के भीतर विचारण न्यायालय में जमा करनी होगी। निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं करने पर 6 माह का सादा कारावास भुगतना होगा।
अर्थदंड की राशि जमा होने पर उसकी पूरी राशि प्रतिकर के रूप में परिवादी राजकुमार चंद्रा को प्रदान किए जाने का आदेश दिया गया है।
परिवादी की ओर से अधिवक्ता विजय कुमार तिवारी, दीपक तिवारी, देवप्रसाद कहरा, देवेंद्र नाथ नन्दे, राजेश बरेठ एवं कमल तिवारी ने पैरवी की।

- नन्हीं लीया बनी ‘नन्हीं रिपोर्टर’, डीईओ से किया बेबाक सवाल… - October 3, 2026
- गांधी-शास्त्री को नमन, नपा चुनाव पर कांग्रेस में मंथन… - October 3, 2026
- बुनकरी से बदलेगी सपेरा बस्ती की तकदीर, 40 महिलाएं आत्मनिर्भरता की राह पर… - October 3, 2026
