सारंगढ़। शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की भावना के अनुरूप ‘करके सीखने’ की अनूठी पहल देखने को मिली। प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी के मार्गदर्शन में महज 9 वर्षीय छात्रा लीया खूंटे ने जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल का साक्षात्कार लेकर अपनी निर्भीकता और संवाद कौशल का परिचय दिया।
मासूम अंदाज में लीया ने डीईओ से सीधा सवाल किया—“सर, जिले के लिए आपके क्या लक्ष्य हैं?” नन्हीं छात्रा के आत्मविश्वास और बेबाक सवाल को देखकर डीईओ पटेल भी भावविभोर हो उठे और उन्होंने बेहद सहज एवं आत्मीय अंदाज में उसके सवाल का जवाब दिया।
इस पहल का उद्देश्य बच्चों में झिझक दूर करना, आत्मविश्वास बढ़ाना तथा कम्युनिकेशन और लीडरशिप स्किल विकसित करना है। प्रश्न तैयार करने से लेकर अधिकारी से संवाद करने तक छात्रा ने सीखने की प्रक्रिया को वास्तविक अनुभव से जोड़ा।
डीईओ एल.एन. पटेल ने कहा कि NEP 2020 केवल किताबी ज्ञान और रटने की प्रवृत्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को करके सीखने के अवसर देने पर जोर देती है। दहिदा की यह पहल इसका बेहतर उदाहरण है। बच्चे अधिकारियों के कार्यों के बारे में केवल किताबों में पढ़ नहीं रहे, बल्कि स्वयं सवाल पूछकर वास्तविक दुनिया से जुड़ने का अनुभव प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि साक्षात्कार के लिए प्रश्न तैयार करने से बच्चों में आलोचनात्मक एवं विश्लेषणात्मक सोच का भी विकास होता है। दहिदा के बच्चे 21वीं सदी के आवश्यक संवाद कौशल को आत्मसात कर रहे हैं।
इस अभिनव पहल के लिए डीईओ एल.एन. पटेल एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी सारंगढ़ सोमा सिंह ठाकुर ने छात्रा लीया खूंटे, प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी एवं समस्त शालेय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

- नन्हीं लीया बनी ‘नन्हीं रिपोर्टर’, डीईओ से किया बेबाक सवाल… - October 3, 2026
- गांधी-शास्त्री को नमन, नपा चुनाव पर कांग्रेस में मंथन… - October 3, 2026
- बुनकरी से बदलेगी सपेरा बस्ती की तकदीर, 40 महिलाएं आत्मनिर्भरता की राह पर… - October 3, 2026
