रायगढ़। ग्राम बरौनाकुंडा में लोहे का कत्ता और तीर-धनुष लेकर ग्रामीणों को धमकाने तथा दहशत फैलाने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का कत्ता और तीर-धनुष जब्त किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की दोपहर ग्राम बरौनाकुंडा के एक ग्रामीण ने थाना घरघोड़ा पहुंचकर सूचना दी कि गांव का विद्याधर अगरिया हथियार लेकर गली में घूम रहा है और लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस जब गवाहों के साथ आरोपी के घर के पास पहुंची तो विद्याधर अगरिया और अधिक उग्र हो गया। उसने हथियार लहराते हुए पुलिस और आसपास मौजूद लोगों को जान से मारने की धमकी दी। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सूझबूझ और संयम का परिचय देते हुए घेराबंदी कर आरोपी को सुरक्षित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विद्याधर अगरिया (33 वर्ष), निवासी ग्राम बरौनाकुंडा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोहे का कत्ता तथा तीर-धनुष बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद थाना घरघोड़ा में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई डेविड टोप्पो, आरक्षक बसंत तिर्की एवं उधोराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रखने के साथ ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ।

- पकोड़े खाकर हो गए हैं बोर? बारिश में बनाएं कुरकुरी कोथंबीर वडी, जानें आसान विधि… - September 13, 2026
- संजू की होगी वापसी या वैभव और अभिषेक करेंगे ओपनिंग, जानें पहले टी20 में कैसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन… - September 13, 2026
- छत्तीसगढ़:इंस्टाग्राम रील देखकर शेयर ट्रेडिंग के जाल में फंसा कारोबारी, ₹94.50 लाख गंवाए… - September 13, 2026
