छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से उठाईगिरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीतापुर में दिनदहाड़े अज्ञात बदमाश ने एक ज्वेलरी शॉप के संचालक के करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात से भरे बैग पर हाथ साफ कर दिया।
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है।
दिनदहाड़े जेवरात से भरा बैग लेकर हुआ फरार
जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह करीब 11:25 बजे की है। काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी स्कूटी के पास सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग रखा था। इसी बीच मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी बैग लेकर फरार हो गया।
काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स की दुकान सीतापुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग (NH-43) पर हाई स्कूल के पास स्थित है। दिनदहाड़े करीब 1 करोड़ रुपये के जेवरात की उठाईगिरी की इस वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
उठाईगिरी की वारदात CCTV कैमरे में कैद
वहीं पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध आरोपी बैग लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
- नियमितीकरण की मांग पर गरजीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, सौंपा ज्ञापन… - October 27, 2026
- अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, 5 वाहन पकड़े… - October 27, 2026
- बैकयार्ड कुक्कुट योजना से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय, 150 इकाइयों का वितरण… - October 27, 2026
