रायगढ़। रायगढ़ जिले की पुसौर पुलिस ने घर में हुई चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए चोरी करने वाले आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित विवेचना, घटनास्थल के सूक्ष्म निरीक्षण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाकर मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार ग्राम जामपाली निवासी देव कुमार नायक (25) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 जून 2026 की रात अज्ञात चोर उसके घर की दीवार फांदकर अंदर घुसा और किचन में रखा बजाज कंपनी का इंडक्शन चूल्हा, अर्पणा कंपनी का रेडियो, वीवो मोबाइल तथा घर में रखी नगदी चोरी कर फरार हो गया। शिकायत पर थाना पुसौर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने संदेही डिलेश्वर सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने चोरी की नगदी खर्च कर दी, जबकि मोबाइल और रेडियो झाड़ियों में फेंक दिए तथा इंडक्शन चूल्हा कबाड़ी बलदेव साव को बेच दिया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर शेष 3,950 रुपये नगद बरामद कर जब्त किए गए।
इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी बलदेव साव से पूछताछ की। उसने स्वीकार किया कि उसने चोरी का इंडक्शन चूल्हा मात्र 1,000 रुपये में खरीदकर उसे तोड़कर कबाड़ में मिला दिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से इंडक्शन चूल्हे के टूटे हुए हिस्से बरामद किए। चोरी का माल खरीदने के आरोप में उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) भी जोड़ी गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
डिलेश्वर सोनी (23), निवासी जामपाली दीपापारा, थाना पुसौर, जिला रायगढ़।
बलदेव साव (53), निवासी वार्ड क्रमांक-20, कोड़ातराई, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले भी कानून की गिरफ्त से नहीं बचेंगे। ऐसे लोगों पर समान रूप से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन संदिग्ध वस्तुओं की खरीद-बिक्री से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।”

- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
