सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू की संवेदनशील पहल और जिला प्रशासन की तत्परता से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत एक जरूरतमंद परिवार को दो लाख रुपये की बीमा सहायता राशि प्रदान की गई। समय पर मिली इस आर्थिक मदद से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।
तहसील सारंगढ़ के ग्राम पंचायत पाट निवासी छोटेलाल की 30 अप्रैल 2025 को ट्रक दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। वे प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के हितग्राही थे। उनके निधन के बाद उनकी आश्रित पत्नी मिनी महिलाने ने बीमा राशि दिलाने के लिए कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ऋषिकेश तिवारी एवं लीड बैंक मैनेजर, सारंगढ़ के समन्वय से प्रकरण का त्वरित निराकरण किया गया।
समय-सीमा की बैठक के दौरान मिनी महिलाने को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 2 लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। सहायता राशि मिलने पर उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आर्थिक सहयोग से उनके परिवार को कठिन समय में बड़ा संबल मिला है।
क्या है प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना?
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) भारत सरकार की एक किफायती जीवन बीमा योजना है, जिसका उद्देश्य गरीब एवं निम्न आय वर्ग के लोगों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। यह योजना 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के बैंक खाताधारकों के लिए उपलब्ध है।
इस योजना के तहत बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके नामित सदस्य (नॉमिनी) को 2 लाख रुपये की बीमा सहायता दी जाती है। योजना का वार्षिक प्रीमियम मात्र 436 रुपये है, जो संबंधित बैंक खाते से स्वतः कट जाता है। योजना का नवीनीकरण प्रत्येक वर्ष कराया जाता है और इसकी परिपक्वता आयु 55 वर्ष निर्धारित है।
योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित आवेदन पत्र भरकर बैंक के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इसमें किसी प्रकार की मेडिकल जांच की आवश्यकता नहीं होती तथा आवेदन के लगभग 45 दिन बाद बीमा कवरेज प्रभावी हो जाता है। ऑनलाइन माध्यम से भी इस योजना में आसानी से आवेदन किया जा सकता है।

- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
