सारंगढ़। झाल परिसर के ग्राम जगदीशपुर में संरक्षित वन्यजीव पैंगोलिन की मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी गंगाराम चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20872/03 दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार 8 सितंबर की रात करीब 12 बजे गंगाराम के घर में पैंगोलिन घुसने की सूचना वन विभाग को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप वनमंडल अधिकारी द्वारा तलाशी वारंट जारी कर घर की तलाशी ली गई, लेकिन उस समय पैंगोलिन बरामद नहीं हुआ। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया था कि उसने पैंगोलिन को जंगल में छोड़ दिया है।
हालांकि वन विभाग को उसके बयान पर संदेह बना रहा। इसी बीच 13 सितंबर की रात करीब 8 बजे गांव के तालाब के पास पैंगोलिन का शव बरामद हुआ। इसके बाद वन विभाग ने मामले की जांच तेज की और पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर पैंगोलिन को प्लास्टिक की बोरी में भरकर बेचने के उद्देश्य से छिपाकर रखने की बात स्वीकार की।
जांच के अनुसार बोरी में दम घुटने से पैंगोलिन की मौत हो गई, जिसके बाद शव को खेत में फेंक दिया गया। मामले में 14 सितंबर को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पैंगोलिन अनुसूची-1 का संरक्षित वन्यजीव है और इसके शिकार, अवैध कब्जे अथवा व्यापार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। मामले में वन विभाग की आगे की जांच जारी है।

- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
