रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने बहुचर्चित सहारा इंडिया निवेश घोटाले में करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे सहारा इंडिया कबीर चौक शाखा के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को 20 जुलाई 2026 को कोतरारोड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 में दर्ज इस प्रकरण में शिकायतकर्ता विकास निगानिया ने आरोप लगाया था कि सहारा इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कंपनी की विश्वसनीयता का झांसा देकर उनसे, उनकी पत्नी और माता से वर्ष 2017 में विभिन्न योजनाओं में लगभग 40 लाख रुपये का निवेश कराया, लेकिन परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी राशि वापस नहीं की गई। जांच में सामने आया कि निवेशकों से सहारा इंडिया के नाम पर धन लेकर विभिन्न सहकारी समितियों के नाम से बॉण्ड जारी किए गए और सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की गई।
विस्तृत विवेचना के दौरान जिला प्रशासन, बैंकों, मंत्रालयों तथा निवेशकों से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर सहारा इंडिया समूह के कई वरिष्ठ अधिकारियों, शाखा प्रबंधकों, सेक्टर मैनेजरों और रीजनल अधिकारियों की संलिप्तता सामने आई। इससे पहले इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों से आईडी कार्ड, नियुक्ति एवं कार्य आदेश, बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, जमीन के कागजात तथा कथित धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई कार और मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
जांच में अब तक 3,848 निवेशकों से लगभग 40 करोड़ 78 लाख 16 हजार 739 रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हो चुका है। फरार चल रहे विजय कुमार शराफ के कोतरारोड़ स्थित ससुराल आने की सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी। उसके कब्जे से सहारा इंडिया कंपनी के फ्रेंचाइजी कार्यालय से संबंधित विकास एवं प्रशासनिक आदेश तथा एमओयू की प्रतियां भी जब्त की गईं।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सहारा इंडिया निवेश घोटाले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और नए साक्ष्य मिलने पर आगे भी प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, एएसआई विल्फ्रेड मसीह तथा कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। रायगढ़ पुलिस आर्थिक अपराधों में फरार आरोपियों की लगातार तलाश कर रही है और आम जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।”


- एसपी सुनील शर्मा की अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति सफल, थाना प्रभारी प्रमोद यादव की टीम ने चार माह पुराने लूटकांड के आरोपी को दबोचा… - July 21, 2026
- विश्वकर्मा योजना के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, एसपी सुनील शर्मा की सख्ती और टीआई प्रमोद यादव की तत्परता से बड़ी सफलता… - July 21, 2026
- सारंगढ़:नई प्रशासनिक टीम एक्शन मोड में, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने दिए सख्त निर्देश… - July 21, 2026




