सारंगढ़। राजस्व विभाग की भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर प्रगतिशील छग सतनामी समाज ने 16 सितंबर को सारंगढ़ में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। समाज का आरोप है कि सहायक ग्रेड-03 के 100 एवं पटवारी के 200 पदों की भर्ती में अनुसूचित जाति वर्ग के हितों और आरक्षण अधिकारों की अनदेखी की गई है। इसी मुद्दे को लेकर समाज द्वारा शासन का ध्यान आकर्षित करते हुए भर्ती प्रक्रिया में नियमानुसार आरक्षण लागू करने की मांग की जाएगी।
समाज के पदाधिकारियों के अनुसार 16 सितंबर, बुधवार को दोपहर 2 बजे समाजजन पुष्पवाटिका सारंगढ़ में एकत्र होंगे। यहां से रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा अनुसूचित जाति वर्ग के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।
प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा से मुलाकात कर आंदोलन के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया। समाज पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से किया जाएगा।
आंदोलन की अगुवाई जिला अध्यक्ष गिरवर निराला, उपाध्यक्ष शिवचरण रात्रे, प्रवक्ता गुरूबिहारी राय एवं मीडिया प्रभारी सुखराम निराला करेंगे। समाज पदाधिकारियों ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले सभी समाजजनों से शांति, अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की अपील की है। साथ ही कानून का पालन करते हुए अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से शासन-प्रशासन के समक्ष रखने का आह्वान किया गया है।
समाज का कहना है कि ज्ञापन के माध्यम से आरक्षण से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा और अनुसूचित जाति वर्ग के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।

- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
- जुआरियों की शामत! SP सुनील शर्मा के निर्देशन में भटगांव पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, ₹7,850 नगद बरामद.. - September 15, 2026
