रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में सुरक्षा व्यवस्था एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत शुक्रवार शाम थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के होटल व्हाइट रोज में औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान होटल में सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं में कई कमियां पाई गईं। पुलिस ने होटल संचालक सूरज सिंह (28), निवासी फतेहामुड़ा, थाना जूटमिल को सुरक्षा मानकों में तत्काल सुधार करने की समझाइश दी। इसी दौरान संचालक ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया और बार-बार समझाने के बावजूद उसका आक्रामक रवैया जारी रहा।
स्थिति को देखते हुए पुलिस उसे कोतवाली थाना लेकर पहुंची, लेकिन वहां भी उसका व्यवहार नहीं बदला। कानून-व्यवस्था प्रभावित होने और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले के सभी होटल, लॉज एवं गेस्ट हाउसों की नियमित जांच जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना, आगंतुकों का सत्यापन करना तथा अनैतिक एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जांच में बाधा डालने, नियमों का उल्लंघन करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि होटलों में सुरक्षा मानकों का पालन और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

- देवशयनी एकादशी कब है? जानें दिन, समय और मुहूर्त… - July 12, 2026
- डायबिटीज है? तो आज ही अपनी डाइट से निकाल फेंकें ये 5 चीजें, वरना बढ़ सकता है खतरा… - July 12, 2026
- 20 मिनट में तैयार होगा ढाबा जैसा वेज लाहौरी कीमा… - July 12, 2026


