सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचने से जिलेभर की हितग्राहियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। समय पर मिली आर्थिक सहायता ने महिलाओं के त्योहार की तैयारियों को नई मजबूती दी है। सारंगढ़ की हितग्राही योगेश्वरी पांडेय के खाते में भी योजना की राशि पहुंचने पर उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
योगेश्वरी पांडेय ने कहा कि रक्षाबंधन से पहले राशि मिलने से राखी सहित परिवार की आवश्यक तैयारियां करने में काफी सहूलियत मिली है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि महिलाओं के लिए आर्थिक रूप से बेहद मददगार साबित हो रही है। इस राशि से वे राखी और घर-परिवार के लिए जरूरी सामान की खरीदारी कर सकेंगी, जिससे त्योहार के समय परिवार के बजट को भी संभालने में सहयोग मिलेगा।
उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “बहनों की तरक्की, परिवार की शान, विष्णु भैया का यही अभियान।” मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए योगेश्वरी पांडेय ने कहा, “रक्षाबंधन के पहले महतारी वंदन योजना की किस्त मिलने से मुझे बहुत खुशी हुई है। हमारे विष्णु भैया अपनी बहनों का ध्यान रखते हैं। इस राशि से मैं राखी और घर के लिए जरूरी सामान खरीद सकूंगी। इसके लिए विष्णु भैया को बहुत-बहुत धन्यवाद और रक्षाबंधन की बधाई।”
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए पूरी तरह परिवार पर निर्भर रहने के बजाय स्वयं भी खर्च करने में सक्षम हो रही हैं। घरेलू जरूरतों से लेकर त्योहारों की तैयारियों तक यह योजना महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बन रही है।
महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त ने रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं की खुशियों को और बढ़ा दिया है। समय पर मिली यह सहायता न केवल त्योहार की रौनक बढ़ा रही है, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

- संत रविदास जयंती पर सारंगढ़ आएंगे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी… - August 26, 2026
- रक्षाबंधन से पहले ‘विष्णु भैया’ का तोहफा, बहनों के चेहरे खिले… - August 26, 2026
- खेलो इंडिया संवाद से जुड़ेंगे युवा, खेल और राष्ट्र निर्माण पर होगा मंथन… - August 26, 2026
