रायगढ़। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और तकनीक आधारित पुलिसिंग को मजबूती देने की दिशा में रायगढ़ पुलिस ने एक अहम पहल की है। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ द्वारा उपलब्ध कराए गए 105 स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) का वितरण शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित क्राइम मीटिंग के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को किया।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) लागू होने के बाद विवेचना प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल के माध्यम से अब विवेचक घटनास्थल पर ही डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर सकेंगे, फोटो और वीडियो दस्तावेजीकरण कर पाएंगे, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, केस अपडेट तथा पुलिस एप्लीकेशन के जरिए त्वरित सूचना का आदान-प्रदान भी आसानी से कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इन अत्याधुनिक डिवाइसों के उपयोग से अनुसंधान की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन होने से न्यायालय में अभियोजन पक्ष अधिक मजबूत होगा और विवेचना की पारदर्शिता, गति एवं विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों एवं विवेचकों को निर्देश दिए कि स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल का उपयोग केवल शासकीय कार्यों के लिए किया जाए तथा तकनीक आधारित अनुसंधान, डिजिटल साक्ष्य संकलन और गुणवत्तापूर्ण विवेचना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विवेचक का लक्ष्य समयबद्ध, वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष अनुसंधान के माध्यम से पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना होना चाहिए।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी उन्नति ठाकुर, एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी मुख्यालय सुशांतो बनर्जी, आरआई अमित सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को आधुनिक, पारदर्शी और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए वह निरंतर प्रतिबद्ध है।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश:
“नवीन कानूनों के अनुरूप तकनीक आधारित, वैज्ञानिक और समयबद्ध विवेचना ही आधुनिक पुलिसिंग की पहचान है। प्रत्येक विवेचक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर पीड़ितों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।”


- देवशयनी एकादशी कब है? जानें दिन, समय और मुहूर्त… - July 12, 2026
- डायबिटीज है? तो आज ही अपनी डाइट से निकाल फेंकें ये 5 चीजें, वरना बढ़ सकता है खतरा… - July 12, 2026
- 20 मिनट में तैयार होगा ढाबा जैसा वेज लाहौरी कीमा… - July 12, 2026


