सारंगढ़। राष्ट्रीय खेल दिवस प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देशभर में खेल, युवा सहभागिता और राष्ट्र निर्माण की भावना को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया संवाद’ एवं ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य देश के युवाओं, खिलाड़ियों और भविष्य की युवा शक्ति को एक साझा मंच पर जोड़ना है। कार्यक्रम के तहत देश के प्रत्येक जिले के दो महाविद्यालयों में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में शासकीय राजमहन्त नायनदास महिलांग महाविद्यालय भटगांव तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में यह कार्यक्रम आयोजित होगा।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को पिछले 12 वर्षों में देश के खेल क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण बदलावों और विकास से अवगत कराया जाएगा। साथ ही खेलों के विकास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को लेकर उनके विचार, सुझाव एवं आकांक्षाओं को भी प्रमुखता से सुना जाएगा।
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह होगी कि 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के लगभग 1600 स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। यह आयोजन देश के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद युवा शक्ति को एक साझा राष्ट्रीय मंच से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। कार्यक्रम में सभी अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी।
प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात स्थानीय स्तर पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान माय भारत वालंटियर्स एवं स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष संवाद सत्र होगा, जिसमें देश के खेल बुनियादी ढांचे में पिछले 12 वर्षों में हुए बदलाव और भारत में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद लगभग 15 मिनट के युवा संवाद में प्रतिभागियों को अपने सुझाव और आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा।
युवा संवाद के दौरान मुख्य रूप से चार महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इनमें खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाना और जमीनी स्तर तक बेहतर खेल सुविधाएं, कोचिंग एवं अवसर पहुंचाना, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को वैज्ञानिक तरीके से तैयार करना, युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना, तथा विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण और कौशल विकास शामिल हैं।
युवाओं से उनके सुझाव एवं विचार क्यूआर कोड के माध्यम से भी प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स क्विज राउंड में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
यह पहल युवाओं को खेल, नेतृत्व, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह संवाद कार्यक्रम युवा शक्ति को देश के विकसित और सशक्त भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।

- रक्षाबंधन से पहले ‘विष्णु भैया’ का तोहफा, बहनों के चेहरे खिले… - August 26, 2026
- खेलो इंडिया संवाद से जुड़ेंगे युवा, खेल और राष्ट्र निर्माण पर होगा मंथन… - August 26, 2026
- शोक में डूबा सारंगढ़: बलभद्र प्रसाद पांडेय का आकस्मिक निधन… - August 26, 2026
