छत्तीसगढ़ के कुरुद में पीएमश्री प्राथमिक शाला कठौली में शिक्षकों की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। विद्यालय की छुट्टी के बाद स्कूल में ताला लगा दिया गया, लेकिन कक्षा पहली की एक छात्रा अंदर ही बंद रह गई।

कई घंटे तक बच्ची कक्षा में कैद रही और रात करीब 8 बजे ग्रामीणों ने उसकी आवाज सुनकर स्कूल का ताला तोड़कर उसे बाहर निकाला।
कई घंटों तक भूख-प्यास से परेशान रही बच्ची
मिली जानकारी के अनुसार, छुट्टी के बाद जब छात्रा घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर शाम स्कूल परिसर से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई देने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ताला तोड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के दौरान बच्ची कई घंटों तक भूख-प्यास से परेशान रही। समय रहते उसे नहीं निकाला जाता तो बड़ा हादसा भी हो सकता था।
पूरा दोष स्वीपर पर मढ़ने का प्रयास
ग्रामीणों का आरोप है कि, घटना के बाद जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय प्रधानपाठक ललित साहू और अन्य शिक्षकों ने इसका दोष विद्यालय के स्वीपर पर मढ़ने का प्रयास किया, जबकि विद्यालय बंद करने से पहले सभी बच्चों के बाहर निकलने की पुष्टि करना शिक्षकों की जिम्मेदारी होती है।
ग्रामीणों ने की कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग
जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका मिश्रा ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच टीम गठित कर दी है। स्थानीय नोडल अधिकारी की नियुक्ति के साथ संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। इस घटना ने पीएमश्री विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने दोषी शिक्षकों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।
- देवशयनी एकादशी कब है? जानें दिन, समय और मुहूर्त… - July 12, 2026
- डायबिटीज है? तो आज ही अपनी डाइट से निकाल फेंकें ये 5 चीजें, वरना बढ़ सकता है खतरा… - July 12, 2026
- 20 मिनट में तैयार होगा ढाबा जैसा वेज लाहौरी कीमा… - July 12, 2026


