रायगढ़, 10 अगस्त। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान संवेदना के तहत पुसौर पुलिस ने 16 वर्षीय लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। बालिका के जम्मू में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम वहां रवाना हुई थी। इसी बीच बालिका और संदेही युवक के सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र में वापस लौटने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल दबिश देकर बालिका को बरामद कर लिया। मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को 16 वर्षीय नाबालिग बालिका घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर 22 फरवरी को थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामले में अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने बालिका के परिजनों और सहेलियों से पूछताछ करते हुए लगातार पतासाजी की। जांच में बालिका के एक संदेही युवक के साथ जम्मू में होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर के नेतृत्व में पुलिस टीम जम्मू रवाना की गई।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बालिका और संदेही युवक जम्मू से वापस सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र में आ चुके हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम और बालिका के परिजन बिलाईगढ़ पहुंचे। संदेही युवक के घर दबिश देकर पुलिस ने 16 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर अपने संरक्षण में लिया।
थाने में महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष बालिका का कथन कराया गया। बालिका ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक उसे शादी का प्रलोभन देकर जम्मू ले गया था, जहां दोनों मजदूरी करते थे। बालिका के कथन, मेडिकल रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर आरोपी द्वारा शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक शोषण किए जाने की पुष्टि होने पर मामले में धारा 64(2)(एम) बीएनएस एवं धारा 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई।
पुलिस ने मामले में आयुष केंवट पिता सीता शरण केंवट, उम्र 22 वर्ष, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
बालिका की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे, प्रधान आरक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता, प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय एवं आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गुमशुदा बच्चों की सकुशल बरामदगी तथा महिलाओं एवं नाबालिगों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा और उनकी सकुशल वापसी रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुमशुदगी की प्रत्येक सूचना पर पुलिस संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। नाबालिगों को बहला-फुसलाकर ले जाने तथा उनके विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
- सारंगढ़ में 11 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे अगुआई… - August 10, 2026
- लकवे से जूझते बुजुर्ग दंपत्ति की जिंदगी में ‘अन्नपूर्णा मुहिम’ ने जगाई उम्मीद… - August 10, 2026
- सारंगढ़ को मिली विकास की नई सौगात: मंत्री टंकराम वर्मा ने करोड़ों के विकास कार्यों का किया लोकार्पण… - August 10, 2026




