भारतीय क्रिकेट टीम के इतिहास का सबसे काला दौर शायद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पिछले 12 दिन हैं। टीम इंडिया को टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते हुए 20 साल होने को हैं, लेकिन यह पहली बार है, जब टीम इंडिया लगातार पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों में से एक भी मुकाबला नहीं जीती है।

हैरानी की बात यह भी है कि इससे पहले आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच जो भारत ने जीता था, वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि टीम इंडिया की हालत इस समय कैसी है।
26 जून से भारत की टी20 टीम की कमान श्रेयस अय्यर ने संभाली। इससे पहले सूर्यकुमार यादव भारत की टी20 टीम के कप्तान थे, जिनकी कप्तानी में भारत विश्व चैंपियन बना। हालांकि, इसके बाद सूर्या को टीम से ड्रॉप किया गया और उनसे कप्तानी भी छीन ली गई। श्रेयस अय्यर को नया कप्तान चुना गया, जो करीब दो साल तक एक टी20 इंटरनेशनल मैच तक नहीं खेले थे। श्रेयस की कप्तानी में भारतीय टीम आयरलैंड में दो मैच खेली और दोनों मैच हार गई। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहला मैच जरूर बारिश में धुला, लेकिन अगले दो मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा।
पहली बार लगातार 5 मैच में नहीं जीता भारत
भारतीय टीम एक दिसंबर 2006 से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक्टिव है, लेकिन कभी भी लगातार पांच मैचों में से एक भी मैच नहीं जीत पाई है। पिछले पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों में से चार मैच भारत हारा है और एक मैच बेनतीजा रहा है। इनमें आयरलैंड के खिलाफ दो मैच और इंग्लैंड के खिलाफ भी दो मैच शामिल हैं, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ एक मैच बारिश में धुला है। आयरलैंड से भारत न सिर्फ पहली बार टी20 इंटरनेशनल मैच में हारा था, बल्कि पहली बार सीरीज भी गंवा बैठा था।
इससे पहले जून 2009 से दिसंबर 2009 तक भारत लगातार चार टी20 इंटरनेशनल मैचों में जीत दर्ज नहीं कर पाया था। उस दौरान चारों मैच टीम इंडिया हारी थी। जुलाई 2021 से अक्तूबर 2021 तक भी ऐसा ही हुआ, जब टीम लगातार चार मैचों में हारी। हालांकि, इस बार तक पांच मैचों के बाद भी टीम इंडिया जीत का स्वाद नहीं चख पाई है, जो कि एक शर्मनाक रिकॉर्ड और एक महा घटिया स्तर भारतीय क्रिकेट टीम का है। इस सीरीज में टीम इंडिया जीत दर्ज नहीं कर पाएगी। भारत आखिरी के दो मैच जीत भी जाता है तो भी सीरीज बराबरी पर ही खत्म हो सकती है, लेकिन भारत अब इस सीरीज को जीत नहीं पाएगा। ऐसे में श्रेयस अय्यर को अपनी कप्तानी में पहली सीरीज जीतने में समय लगेगा।


