सारंगढ़-बिलाईगढ़, 27 अगस्त 2026। जिले में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं पहुंचाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने हाईरिस्क प्रेग्नेंसी अर्थात उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की स्थिति और उनके स्वास्थ्य देखभाल की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा समय पर आवश्यक जांच और बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में जिले में संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तीनों विकासखंडों में अब तक टीकाकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक पात्र बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एनीमिया मुक्त भारत अभियान और आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में न्योता भोज आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज की जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जाए।
कलेक्टर ने जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए निरंतर और प्रभावी प्रयास करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में अधिक से अधिक कुपोषित बच्चों को उपचार एवं आवश्यक पोषण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव, तीनों विकासखंडों के बीएमओ, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उत्तम साहू तथा जिले के परियोजना अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

- साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा: 20 स्थानों पर चला जागरूकता अभियान, 2,800 लोगों को किया सतर्क… - August 27, 2026
- एक कॉल पर घर पहुंचा प्रशासन, दिव्यांग सौरभ की समस्या का त्वरित समाधान… - August 27, 2026
- रक्षाबंधन से पहले मिली खुशियों की किस्त, गीता मराठा ने कहा- विष्णु भैया का धन्यवाद… - August 27, 2026
