बांग्लादेश क्रिकेट टीम इन दिनों ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है. कंगारुओं की धरती पर बांग्लादेशी टीम को दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसकी शुरुआत 13 अगस्त से होगी. ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच 13-17 अगस्त तक डार्विन में खेला जाएगा.

वहीं, दूसरा टेस्ट मैच 22-26 अगस्त तक मकाय (क्वींसलैंड) में होगा. इस दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बांग्लादेशी टीम ने डार्विन में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ दिन दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेला.
बांग्लादेश क्रिकेट टीम को इस प्रैक्टिस मैच में करारी हार का सामना करना पड़ा है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन ने बांग्लादेश की टीम को पारी और 38 रनों से रौंद दिया है. बांग्लादेश की टीम अपनी दूसरी पारी में महज 54 रन पर ऑलआउट हो गई. बांग्लादेशी टीम के 10 बल्लेबाज तो 7 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाए. ऑस्ट्रेलिया के एक खतरनाक तेज गेंदबाज ने अकेले ही 8 विकेट चटकाते हुए बांग्लादेश को 54 रन पर ढेर करने में बड़ा रोल निभाया है.
कैम्बेल थॉम्सन ने 25 रन देकर 8 विकेट झटके
ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कैम्बेल थॉम्सन ने कहर मचाते हुए बांग्लादेश के खिलाफ इस मैच की दूसरी पारी में 11 ओवर में 25 रन देकर 8 विकेट झटके हैं. कैम्बेल थॉम्सन ने दूसरी पारी में बांग्लादेश के बैटिंग ऑर्डर को ध्वस्त करके रख दिया. 22 साल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कैम्बेल थॉम्सन का यह सिर्फ दूसरा फर्स्ट-क्लास मैच था. बांग्लादेश ने पहली पारी में 263 रन बनाए थे, लेकिन दूसरी पारी में वे बहुत खराब खेले और सिर्फ 22 ओवर ही टिक पाए.
प्रैक्टिस मैच में पारी और 38 रनों से हार गई बांग्लादेशी टीम
प्रैक्टिस मैच में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के हाथों पारी और 38 रनों से हारने के बाद अब बांग्लादेशी टीम के पास चार दिन का समय है. इसके बाद वे डार्विन के माराडा स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया की मजबूत टीम का सामना करेंगे, जिसकी कमान पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड संभालेंगे. यह इस मैदान पर 22 साल बाद होने वाला पहला टेस्ट मैच भी होगा. दूसरा टेस्ट मैच 22 से 26 अगस्त तक मकाय (क्वींसलैंड) के ग्रेट बैरियर रीफ एरीना में खेला जाएगा, जो इस मैदान पर पुरुषों का पहला टेस्ट मैच होगा.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की स्टैंडिंग में ऑस्ट्रेलिया टॉप पर
ऑस्ट्रेलिया ने 87.50 प्रतिशत अंकों के साथ ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की स्टैंडिंग में दबदबा बनाए रखा है. वहीं, इस साइकल में चार टेस्ट मैचों के बाद बांग्लादेश चौथे स्थान पर है. क्रिकइन्फो के अनुसार कैम्बेल थॉम्सन ने अपने शानदार प्रदर्शन पर कहा, ‘कभी-कभी किस्मत साथ देती है. आज किस्मत मेरे साथ थी, जो अच्छी बात है. सीरीज शुरू होने से कुछ दिन पहले किसी टेस्ट टीम के खिलाफ खेलना हमेशा एक अच्छा अनुभव और मौका होता है. साथ ही कर्टिस पैटरसन और कोरी रोकिचिओली जैसे अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के साथ खेलना भी शानदार रहा.’
कैम्बेल थॉम्सन ने क्या कहा?
कैम्बेल थॉम्सन ने आगे कहा, ‘इन लोगों के साथ समय बिताना बहुत अच्छा अनुभव रहा. मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया के टॉप खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने और बेहतरीन बल्लेबाजों को गेंदबाजी करने के मौके ने मुझे इस साल के लिए अच्छा अनुभव दिया है. उम्मीद है कि आगे भी ऐसे मौके मिलेंगे, लेकिन मैं अभी एक बार में एक कदम आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा हूं. मैं जिस भी लेवल पर खेल रहा हूं, वहां अपनी तरफ से सबसे अच्छी गेंदबाजी करने के साथ ही और अपना बेस्ट प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहा हूं.’
- एसपी सुनील शर्मा के सख्त एक्शन का बड़ा असर, 48 घंटे में गांजा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा 1.14 करोड़ से ज्यादा का माल जब्त… - September 4, 2026
- ग्राम पंचायत कनकबीरा में जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से संपन्न..जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने की मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत.. - September 4, 2026
- छत्तीसगढ़:21 सितंबर से कक्षा 1 से 12वीं की तिमाही परीक्षाएं, यहां देखें पूरा शेड्यूल… - September 4, 2026
