बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. जोस बटलर अब टी20 क्रिकेट के नए बादशाह बन गए हैं. इंग्लैंड का यह बल्लेबाज ओवरऑल टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज बन गया है.

मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और वेल्श फायर के बीच खेले गए ‘द हंड्रेड’ (मेंस) मैच में इंग्लैंड के पूर्व व्हाइट-बॉल कप्तान को कीरोन पोलार्ड के 14,803 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए 22 रनों की जरूरत थी और उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए.
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जोस बटलर ने 62वीं गेंद पर T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में कीरोन पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़ दिया. वेल्श फायर के खिलाफ ‘द हंड्रेड’ (मेंस) मैच जोस बटलर का 522वां T20 मैच था, और अब उनके नाम 492 पारियों में 14,833 रन हो गए हैं. कीरोन पोलार्ड अब 746 T20 मैचों की 663 पारियों में 14,803 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
टी20 क्रिकेट में टॉप बल्लेबाज
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ने इस साल की शुरुआत में T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का क्रिस गेल का लंबे समय से चला आ रहा रिकॉर्ड तोड़ा था, लेकिन अब वह दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं. क्रिस गेल, जिन्होंने 463 T20 मैचों में 14,562 रन बनाकर अपना करियर खत्म किया, इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं. उनके बाद एलेक्स हेल्स (14,449) और डेविड वॉर्नर (14,284) का नंबर आता है.
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- जोस बटलर – 14833 रन
- कीरोन पोलार्ड – 14803 रन
- क्रिस गेल – 14562 रन
- एलेक्स हेल्स – 14449 रन
- डेविड वॉर्नर – 14284 रन
- विराट कोहली – 14218 रन
वर्ल्ड कप का खिताब जिताने वाले कप्तान
जोस बटलर, जिनकी कप्तानी में इंग्लैंड ने 2022 में ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था, उन्होंने 160 T20I मैचों में 4212 रन और 31 मेन्स हंड्रेड मैचों में 1192 रन बनाए हैं. उन्होंने IPL में तीन टीमों मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस का प्रतिनिधित्व भी किया है और 7 शतक व 28 अर्धशतकों की मदद से 4,646 रन बनाए हैं. वेल्शफायर के खिलाफ जोस बटलर की नाबाद हाफ-सेंचुरी की मदद से मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने सिर्फ 69 गेंदों में और सिर्फ एक विकेट खोकर 156 रन का टारगेट हासिल कर लिया.
जोस बटलर ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
मौजूदा सीजन में MSG के लिए जोस बटलर ने छह मैचों में चार हाफ-सेंचुरी लगाई हैं. 277 रनों के साथ, वह इस साल के टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. मौजूदा सीजन में अपनी चौथी फिफ्टी (50 रन) के साथ, जोस बटलर ने ‘द हंड्रेड’ के एक ही सीजन में सबसे ज्यादा बार 50 से ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बराबर कर लिया. उनसे पहले, सिर्फ डेविड मलान और जेम्स विंस ही मेंस ‘द हंड्रेड’ के एक सीजन में चार बार 50 से ज्यादा रन बना पाए थे.




