रायगढ़, 26 जून। रायगढ़ पुलिस के अभियान ‘संवेदना’ के तहत महिला संबंधी अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय पीड़िता ने महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में निजी वित्तीय कंपनी से ऋण लेने के दौरान उसकी पहचान कंपनी में फाइनेंसर के रूप में कार्यरत हितेश कुमार केवट से हुई थी। ऋण संबंधी कार्य के सिलसिले में आरोपी का उसके घर आना-जाना शुरू हुआ। इसी दौरान आरोपी ने विवाह का भरोसा देकर रायगढ़ स्थित किराए के मकान में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने बताया कि अप्रैल 2026 में उसे जानकारी मिली कि हितेश का विवाह किसी अन्य युवती से तय हो गया है। इसके बाद वह आरोपी के घर पहुंची और उसके परिजनों से विवाह की बात की, लेकिन आरोपी ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी, जिसके बाद डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस टीम ने सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी हितेश कुमार केवट (26 वर्ष), निवासी ग्राम कांसा, थाना डभरा, जिला सक्ती को हिरासत में लिया।
पूछताछ, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे एवं महिला थाना रायगढ़ के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अभियान ‘संवेदना’ के तहत महिला सुरक्षा और अपराधियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है।



