मोहला। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम गुंडरदेही में शुक्रवार सुबह करीब 10:50 बजे एक ट्रक ने 12 वर्षीय बालिका को कुचल दिया। हादसे के बाद नशे में धुत चालक ट्रक लेकर फरार हो गया और स्टेट हाईवे पर कई स्थानों पर लोगों की जान जोखिम में डालते हुए भागता रहा।

पुलिस ने पूरे मामले को लेकर क्या कहा
पुलिस के अनुसार आरोपित चालक ने लगभग 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रक दौड़ाया। इस दौरान उसने मोहला और मानपुर में पुलिस की दो बैरिकेडिंग तोड़ दी और जवानों को भी कुचलने का प्रयास किया। करीब 55 किलोमीटर तक पुलिस की कई गाड़ियां उसका पीछा करती रहीं। आखिरकार कोरकोट्टी के पास ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसके बाद चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी देवी सिंह के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के समय वह नशे की हालत में था। उसके खिलाफ अंबागढ़ चौकी थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक कक्षा छठवीं की छात्रा पूनम (12) पिता राजेश हल्बा सड़क किनारे खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। रास्ते में उसने भीड़भाड़ वाले इलाकों से भी तेज रफ्तार में ट्रक निकाला, जिससे कई लोगों की जान खतरे में पड़ गई।
बैरिकेड तोड़कर भागा चालक
अंबागढ़ चौकी पुलिस ने सबसे पहले ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक नहीं रुका। इसके बाद मोहला और मानपुर में बैरिकेडिंग लगाई गई। आरोपित ने दोनों जगह बैरिकेड तोड़ दिए और पुलिस जवानों की जान भी खतरे में डाल दी। लंबे पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे कोरकोट्टी में गिरफ्तार कर लिया।
ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
घटना के बाद गुंडरदेही गांव के ग्रामीणों ने बालिका का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर नाराजगी जताई। प्रशासन और पुलिस की समझाइश के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। देर शाम बालिका का अंतिम संस्कार किया गया।
अधिकारियों का क्या कहना
आरोपित चालक बालिका को कुचलने के बाद भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने जोखिम उठाकर उसे गिरफ्तार किया है। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए ट्रक की तलाशी ली गई, लेकिन उसमें कुछ बरामद नहीं हुआ। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
- यशपाल सिंह, पुलिस अधीक्षक, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी


