रायगढ़, 26 जून। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के अवैध व्यापार पर शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम पूंजीपथरा बस्ती में छापेमारी कर अवैध कबाड़ से भरे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 6.85 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार 22 जून 2026 की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पूंजीपथरा एवं आसपास के क्षेत्रों में एक व्यक्ति बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से कबाड़ की खरीदी-बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना साइबर और थाना पूंजीपथरा की संयुक्त टीम ने तत्काल ग्राम पूंजीपथरा बस्ती में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक CG13UJ2186 में कबाड़ खरीदते हुए एक व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम बलवंत सारथी (40 वर्ष), पिता सुंदरलाल सारथी, निवासी ग्राम हाटी, थाना छाल, जिला रायगढ़ बताया।
पुलिस द्वारा वाहन में लोड कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। जांच में वाहन में करीब 2.85 टन कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत 85,500 रुपये आंकी गई, संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। चोरी की संपत्ति होने की आशंका पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कबाड़ के साथ लगभग 6 लाख रुपये मूल्य का पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया। इस प्रकार कुल 6,85,500 रुपये मूल्य की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली।
मामले में थाना पूंजीपथरा में आरोपी के विरुद्ध धारा 35(क), 35(ड) BNSS एवं धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई तथा आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति के क्रय-विक्रय और संगठित अपराधों के खिलाफ आगे भी लगातार सघन अभियान चलाया जाएगा।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि “अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के अवैध व्यापार पर रायगढ़ पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।”





