रायगढ़, 24 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में धरमजयगढ़ पुलिस ने पत्नी की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति श्यामलाल मंझवार (24 वर्ष), निवासी ग्राम बाँसजोर, थाना धरमजयगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार थाना चक्रधरनगर से मृतिका मेहतरीन बाई मंझवार की मर्ग डायरी जांच के लिए थाना धरमजयगढ़ भेजी गई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े ने असल मर्ग क्रमांक 81/2026 के तहत जांच प्रारंभ की। विवेचना के दौरान मृतिका के माता-पिता, सास, पार्षद सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का परीक्षण किया गया।
जांच में सामने आया कि 17 जून 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे इलाज के लिए पैसे मांगने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान मृतिका ने डंडे से पति की पीठ पर वार कर दिया। इससे गुस्साए आरोपी श्यामलाल ने घर में रखी लोहे की हथौड़ी से पत्नी के सिर पर कई बार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मेहतरीन बाई को मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 20 जून की शाम लगभग 6:30 बजे उसकी मृत्यु हो गई।
मर्ग जांच में हत्या की पुष्टि होने पर थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 168/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे की हथौड़ी भी बरामद कर ली गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, प्रधान आरक्षक गंगाराम भगत एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और गंभीर अपराध किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। महिला सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

- खुली नीलामी का सुनहरा मौका: 19 राजसात वाहनों की होगी बोली, 10 जुलाई को एसपी कार्यालय में आयोजन… - June 24, 2026
- सारंगढ़:किसानों को डीजल की नहीं होगी कमी, अनुमति के बाद डिब्बे में भी मिलेगा ईंधन… - June 24, 2026
- रायगढ़:इलाज के पैसों को लेकर विवाद बना जानलेवा, हथौड़े से पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार… - June 24, 2026


